डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, बेटे की मौत, पिता गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। एलिवेटिड हाईवे पर संजय चौक के सामने कार डिवाइडर से टकराने पर प्रेम नगर, दिल्ली निवासी दस साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि दंपति व उनकी लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। पिता की गंभीर हालत देख मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया, जबकि मां-बेटी का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची थाना शहर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा।
प्रेम नगर दिल्ली निवासी नरेश अपनी पत्नी मोनू, लड़की शिवानी और बेटे करण (10) के साथ आल्टो कार में सवार होकर किसी काम से कुरुक्षेत्र जा रहे थे। ये लोग रविवार को जब पानीपत में एलिवेटिड हाईवे पर संजय चौक के पास पहुंचे तो अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में दंपति व दोनों बच्चे को गंभीर चोटें आई। एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जीटी रोड सिवाह के पास स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया। नरेश की गंभीर हालत देख खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जबकि पत्नी मोनू व बेटी शिवानी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। नरेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची थाना शहर पुलिस ने हादसे में मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा।
एलिवेटिड हाइवे पर संजय चौक के पास आल्टो कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दस साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। मां-बेटी का सिवाह के पास स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।