ट्रैफिक पुलिस ने दो गाड़ियों से पकड़ी शराब, गाड़ी सवार बोला, शहरी विधायक से बात करो
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सिटी ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के दौरान लालबत्ती चौक के पास दो कारों से भारी मात्रा में शराब पकड़ी। पकड़े जाने पर एक गाड़ी सवार उतरकर पुलिस की तरफ फोन करते हुए बोला शहरी विधायक से बात करो। अवैध शराब समेत पकड़े जाने के बाद भी कार चालक पुलिस पर विधायक का रौब झाड़ता दिखाई दिया। पुलिस ने अवैध रूप से शराब ले जाने के आरोपियों को शराब सहित थाना शहर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के हवाले किया जाएगा।
सिटी ट्रैफिक इंचार्ज विजय कुमार शुक्रवार को जीटी रोड लाल बत्ती चौक पर दिल्ली से अंबाला की तरफ जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दिल्ली की तरफ से आ रही यूपी नंबर की एक एस्टिम कार को रुकवाकर चेकिंग की तो पुलिस ने कार से चार पेटी देसी शराब व एक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार से बरामद शराब के बारे में पूछने पर चालक कार से नीचे उतरा और ट्रैफिक पुलिस की तरफ फोन करते हुए बोला कि शहरी विधायक से बात करो। काफी देर तक बहस होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने थाना शहर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान सब्जी मंडी निवासी अमन और महाबीर कॉलोनी निवासी सौरभ के रूप में दी है। थाना शहर पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम कार्रवाई को लेकर आरोपियों को बरामद शराब सहित आबकारी विभाग के हवाले किया जाएगा।
मामले में शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी का कहना कि उक्त व्यक्ति से उनका कोई लेना-देना नहीं है। खुद को बचाने के लिए वह इस तरह की बातें कर रहा है।
देसी शराब की 35 पेटी बरामद
उधर, करीब आधे घंटे बाद लाल बत्ती चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली की तरफ से आ रही आई-20 कार को रुकवाकर तलाशी ली। पुलिस ने कार से देसी शराब की 16 पेटियां बरामद की। पुलिस ने आरोपी की पहचान घरौंडा के अराईपुरा निवासी गोल्डी के रूप में दी है। आरोपी ने बताया कि वह शराब लेकर घरौंडा जा रहा था। थाना शहर पुलिस ने अवैध शराब सहित पकड़े गए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
लालबत्ती चौक के पास से चेकिंग के दौरान दो कारों से अवैध शराब बरामद हुई है। एक कार से दो युवकों को व दूसरी कार से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों आरोपियों को बरामद शराब सहित आबकारी विभाग के हवाले कर दिया है।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।