अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
शहर की सबसे पॉश व सुरक्षित माने जाने वाली देवी मूर्ति कॉलोनी में स्थित बंगला नंबर-84 में वीरवार सुबह साढ़े 4 बजे 6 हथियारबंद डकैतों ने धावा बोला और पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। डकैतों ने उद्यमी व उसके पुत्र के सिर पर तेजधार हथियारों से प्रहार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। डकैतों ने उद्यमी परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट की। डकैत, उद्यमी के घर से करीब पांच लाख रुपये की नगदी और करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवर ले गए। फरार होने से पहले डकैतों ने उद्यमी परिवार के चादर फाड़कर हाथ-पैर बांध कर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया था। पड़ोसी की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी ने उद्यमी परिवार को बाथरूम से बाहर निकला और घटना की सूचना थाना सिटी पुलिस को दी। डकैती की इस घटना से उद्यमी परिवार ही नहीं बल्कि पूरे शहर में दहशत का माहौल है। पानीपत निवासियों में दिन प्रति दिन बढ़ते अपराध को रोक पाने में विफल पानीपत पुलिस के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
टेक्सटाइल उद्यमी संजय चौधरी का देवीमूर्ति कॉलोनी में बंगला है। संजय चौधरी ने गत दिनों अपनी छोटी पुत्री सुरभि की सगाई की थी और पूरा परिवार सुरभि के विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था। संजय चौधरी की बड़ी बेटी साइनी भी अपनी ढाई साल की बेटी अग्स्थि के साथ अपनी बहन सुरभि के विवाह कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपने मायके आई हुई थी। बुधवार की रात को चौधरी परिवार हंसी खुशी सोया था। वीरवार के तड़के करीब साढे़ चार बजे छह हथियारबंद बदमाशों ने चौधरी के बंगले की पहले दीवार फांदी फिर खिड़की की ग्रिल उखाड़ी कर घर के अंदर घुसे। बदमाश सबसे पहले बंगले की पहली मंजिल के कमरे में सो रहे संजय चौधरी के बेटे अनमोल चौधरी के कमरे में पहुंचे और उसे नींद से जगाया। इससे पहले की अनमोल कुछ समझ पाता बदमाशों ने उसे हथियार दिखा कर गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों ने अनमोल पर पिस्तौल के बट से हमला कर दिया। बदमाश अनमोल को अपने साथ भूमितल के कमरों में सो रहे संजय चौधरी के कमरे के बाहर ले गए और अनमोल से दरवाजा खुलवाया। बदमाशों ने करीब 10 मिनट के अंदर संजय चौधरी, इनकी पत्नी किरण, पुत्र अनमोल चौधरी, दोनों बेटियों व धोहती को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। संजय चौधरी व अनमोल ने डकैतों का विरोध किया तो उन्होंने दोनों को बुरी तरह से पीटा और दोनों के सिर में रिवाल्वर के बट मार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच बचाव में आई किरण व उनकी बेटियों और दोहती को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा। बदमाशों ने इनकी की पिटाई की। बदमाशों ने चौधरी परिवार से घर में रखी करीब पांच लाख रुपये की नगदी व 10 लाख रुपये कीमत के गहनें लूट किए। डकैतों ने संजय के कमरे के बेड पर बिछी बेडशीट काटी और चौधरी परिवार के हर सदस्य के हाथ व पैर बांध कर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। बदमाश बैग में अलमारी से 5 लाख कैश व 10 लाख के जेवर भरकर फरार हो गए। पड़ोसी तुषार ने घर से आ रही आवाजों की सूचना पुलिस के एक जवान को दी। जवान ने बंगले में जाकर सभी बंधकों को बाहर निकाला और इसकी सूचना अपने आला अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही एसपी राहुल शर्मा, डीएसपी, अतिरिक्त एसएचओ सुनील कुमार व चौकी इंचार्ज राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे वारदात स्थल का जायजा लिया। मौके पर एफएसएल टीमों को बुलाया गया। टीम ने यहां से बदमाशों के द्वारा छोड़े गए सबूत उठाए। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पड़ोसी तुषार की जबानी
सुबह लगभग पौने पांच बजे संजय चौधरी के घर से चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी। इससे उसकी आंखें खुल गई। वह घर से बाहर निकला और संजय चौधरी के घर के पास पहुंचा। इसी वक्त उसको एक पुलिस कर्मी दिखाई दिया। उसने पुलिस कर्मी को बताया कि संजय के घर से लोगों की आवाज आ रही है। पुलिस कर्मचारी ने बिना किसी देरी के अपना सरकारी हथियार लोड किया और संजय चौधरी के निवास में प्रवेश किया। पुलिस कर्मचारी ने घर की खिड़की की ग्रिल उखड़ी देखी। पुलिस कर्मी इसी रास्ते घर के अंदर घुसा। वहीं तब तक डकैत घर की पिछली दीवार फांद कर फरार हो चुके थे। पुलिस कर्मचारी को घर के बाथरूम से आवाज सुनाई आई। उसने बाथरूम को खोला और चौधरी परिवार को बाहर निकाला। इस बीच पड़ोसी भी चौधरी के घर पहुंच गए। खून से लथपथ संजय व अनमोल को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया।
यूपी की भाषा में बात कर रहे थे बदमाश
संजय चौधरी ने बताया कि सभी बदमाश उन्हें लगातार गालियां दे रहे थे। आपस में यूपी की भाषा में बात कर रहे थे। उनकी भाषा सुनकर लग रहा था कि वो यूपी की साइड के रहने वाले हैं। सभी बदमाशों ने अपना मुंह ढक रखा था।
वारदात को अंजाम देने में किसी अपने का हाथ
पुलिस को शक है कि इस वारदात को अंजाम देने में किसी अपने का बड़ा हाथ है। क्योंकि बदमाशों का ये जानकारी पहले से ही थी कि संजय चौधरी का बेटा अनमोल ऊपर के कमरे में सो रहा है। घर में बेटी की शादी है। बेटी को सगाई में ससुराल पक्ष की ओर से लगभग 15 लाख के जेवर मिले है। बदमाशों को इसकी जानकारी भी थी। बदमाश परिवार के लोगों को बंधक बनाकर उसकी अलमारी के पास गए, जहां पर जेवर रखे हुए थे। पुलिस इसी थ्योरी पर काम कर रही है।
डेढ़ माह में दूसरी बार लोगों को बंधक बनाकर हुई डकैती:
डेढ़ माह पहले बदमाशों ने सनौली रोड पर गोल्ड लोन कंपनी के कर्मचारियों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर लगभग 30 लाख रुपये के जेवर लूट लिए थे। बदमाशों ने कंपनी के मैनेजर व कैशियर को रस्सियों से कुर्सियों पर बांधकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब तक उन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। अब गुरुवार को बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस की टीमें आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी हुई, जल्द पकड़ेंगे : शर्मा
पुलिस वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंच गई थी। इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को सुराग जुटाए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। शहर में गश्त बढ़ाएंगे। आरोपियों को जल्द पकड़ेंगे।
राहुल शर्मा, एसपी पानीपत।
डकैत सेब खाते रहे और कोल्ड ड्रिंक पीते रहे, एक घंटे तक परिवार के सिर पर मौत बनकर मंडराए बदमाश
बदमाश देवी मूर्ति कॉलोनी के संजय चौधरी के बंगले में एक घंटे तक रहे। बदमाशों ने सबको बंधक बनाकर फ्रिज से सेब और कोल्ड ड्रिंक निकाली। सभी बदमाश लगातार सेब खाते रहे और कोल्ड ड्रिंक पीते रहे। बदमाश साढ़े 4 से साढ़े 5 तक परिवार के सिर पर मौत बनकर मंडराए।
वारदात में किसी अपने के हाथ होने का शक
बदमाश ग्रिल उखाड़कर बंगले में हुए दाखिल, बेटे की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर खुलवाया घर का मुख्य कमरा
फोटो संख्या 5 से 9