अनाज मंडी में मुनीम पर गोली चला एक लाख की लूट
-बेखौफ बदमाशों ने परिवहन मंत्री के आवास के नजदीक दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा(पानीपत)। स्थानीय अनाज मंडी में परिवहन आवास एवं कारागार मंत्री कृष्णलाल पंवार के आवास के नजदीक ही बैंक से पैसे लेकर लौट रहे आढ़ती के मुनीम को बेखौफ नकाबपोश बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े गोली मार कर एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। गोली मुनीम के कान के नजदीक छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। उसको कई जगह छर्रे लगे हैं। विरोध में आढ़तियों ने पानीपत जींद स्टेट हाईवे पर पौने दो घंटे जाम लगाकर सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसपी ने आढ़तियों की मांग पर एसएचओ नरेंद्र दहिया को लाईन हाजिर कर दिया।
मतलौडा अनाज मंडी स्थित आढ़ती बलवान सिंह हुड्डा का मुनीम रविंद्र कुमार मंगलवार सुबह करीब सवा 11 बजे पंजाब नेशनल बैंक से डेढ़ लाख रुपये लेकर बाइक पर निकला था। मुनीम ने इनमें से 50 हजार रुपये अपनी पैंट की जेब और एक लाख रुपये थैले में डालकर दुकान की ओर चल दिया। अनाज मंडी में गेट के अंदर घुसते ही पीछे से बदमाश ने उसकी बाइक को लात मार कर गिरा दिया और उस पर एक फायर कर दिया। जमीन पर गिरे मुनीम के कान के पास से गोली निकल गई और वह बच गया। इसी दौरान मुनीम के हाथ से नोटों का थैला छीनकर कवी गांव की तरफ फरार हो गए। दुकानदारों ने बदमाश को जाते तो देखा लेकिन उन्होंने बाइक का टायर फटने की सोचकर किसी अनहोनी की तरफ ध्यान नहीं दिया। मुनीम को जमीन पर पड़े देखकर लोग मौके पर पहुंचे तो माजरा समझ में आया। सूचना मिलते ही थाना मतलौडा पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित आढ़तियों व मुनीम ने पानीपत-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया। एसपी राहुल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर आढ़तियों को समझाया और उनकी मांग पर एसएसचओ नरेंद्र दहिया को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
मतलौडा अनाज मंडी में मुनीम रविंद्र से एक लाख रुपये की लूटपाट हुई है। थाना मतलौडा पुलिस ने इसमें लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की धरपकड़ में लगी हुई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राहुल शर्मा, एसपी, पानीपत।