मतलौडा। चार दिन पूर्व स्थानीय राजकीय गर्ल्स कालेज के पास शुक्रवार की रात को बाइक सवार मजदूरों से मारपीट कर मोबाइल व दस हजार रुपये लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले 6 आरोपियों को मतलौडा पुलिस ने रामनगर कॉलोनी मतलौडा से गिरफ्तार किया।
वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान सागर पुत्र विनोद, विक्की पुत्र ईश्वर, अमन पुत्र बलवान निवासी रामनगर कालोनी मतलौडा, रवि पुत्र सुबे सिंह निवासी कुराना, मोनू पुत्र राजमल निवासी कवी, अजय पुत्र नरेश निवासी ककाना जिला सोनीपत के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मतलौडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि अभियान के दौरान सोमवार शाम मतलौडा थाना पुलिस की एक टीम एएसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में गश्त पर थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि शुक्रवार देर रात मतलौडा गर्ल्स कालेज के पास दो युवकों के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन व नगदी लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले युवक रामनगर कॉलोनी के एक मकान में बैठकर किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस विशेष सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत राम नगर कॉलोनी में स्थित अमन के मकान पर दबिश देकर 6 युवकों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना कबूल कर लिया।
उल्लेखनीय है कि प्रीतम वासी दरियापुर अपने साथी सहलींद्र के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार रात को गांव शेरा से दरियापुर अपने घर जा रहा था तो रास्ते में मतलौडा गर्ल्स कालेज के पास उनकी बाइक बंद हो गई। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन लड़के आए जो उनके साथ बदतमीजी करने लगे। युवकों ने अपने अन्य तीन-चार साथियों को भी फोन कर मौके पर बुला लिया। सभी आरोपी मारपीट कर जबरदस्ती उनसे बाइक की चाबी, एक मोबाइल फोन व 10 हजार की नगदी लूट कर रामनगर कॉलोनी की ओर फरार हो गए। प्रीतम की शिकायत पर थाना मतलौडा में मुकदमा दर्ज किया गया था।