पानीपत। झूठा केस में अनेकों धाराओं में फंसवाने की धमकी देकर पुलिस के मुखबिर ने सीआईए-2 के नाम पर महादेव कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता वैध से 3 लाख 60 हजार रुपये ऐंठने के बाद 40 हजार की और मांग की। इसी मांग के चलते मुखबिर पीड़ितों के घर गया। जहां उसे रुपये देते हुए पीड़ित के परिजनों ने वीडियो बना ली। जो वीडियो रविवार को वायरल हो गई।
वीडियो में साफ तौर पर सुनाई दे रहा है कि उक्त आरोपी परिजनों से किसी केस को निपटाने की एवज में रुपये ले रहा है। साथ ही कह रहा है कि ये केस इन रुपयों में नहीं खत्म होगा। रुपये और देने होंगे। आरोपी मुखबिर की बढ़ती मांग से परेशान परिजनों ने वीडियो और आरोपी दोनों को ही किला थाना पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही उन्होंने लिखित रूप में शिकायत भी दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी, वीडियो और शिकायत देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही । साथ ही उन पर मामले में समझौते का काफी दबाव बनाया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामले में दूसरे दिन भी इस तरह की कोई शिकायत मिलने की बात को नकार दिया है।
ये था मामला : महादेव कॉलोनी निवासी पीड़ित रमजानी व नफीस ने किला थाना पुलिस को शनिवार को एक लिखित शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने सीआईए-2 के मुखबिर सहित सीआईए-2 पर उन्हें हवालात में बंद रखने और उन पर थर्ड डिग्री इस्तेमाल कर के उनसे हत्या की 3 वारदातों को कुबूलनामा करवाया। साथ ही इस झूठे मामले को रफा-दफा करने के लिए डाबर कॉलोनी निवासी पुलिस के मुखबिर गयूर ने 6 लाख रुपयों की पुलिस के लिए मांग की। इतनी मोटी रकम न देने की बात सुनकर मुखबिर ने मामले को 4 लाख में निपटाने की बात कही। जिस पर पीड़ितों के परिजनों ने 3 लाख 60 हजार रुपये इकट्ठा किए व सीआईए में ही मुखबिर के हाथों पुलिस को दे दिए थे। बाकी के 40 हजार रुपयों की मांग के लिए मुखबिर पीड़ितों को लगातार फोन कर रहा था। जिससे पर पीड़ितों ने मुखबिर को अपने घर बुलाया। उसके हाथ में 40 हजार रुपये थमाएं व उसकी वीडियो बना ली। वीडियो बनाने के बाद पीड़ितों ने मुखबिर को मौके से पकड़ कर किला थाना पुलिस को सौंप दिया। साथ ही वीडियो व अपनी शिकायत दी।
बन रहे समझौते के दबाब : पीड़ितों ने बताया कि पुलिस को शिकायत, आरोपी, वीडियो को सौंपने के बाद भी पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही। जिस कारण उन पर अनेकों जगहों से समझौते का दबाब बनाने के लिए कई प्रतिष्ठित लोगों सहित अनेकों के फोन आ रहे हैं। जिससे वे मानसिक रूप से परेशान होने लगे हैं, साथ ही उन्हें किसी बड़ी अनहोनी घटित होने की आशंका लग रही है। पीड़ितों ने कहा कि वें सोमवार को एसपी और आईजी करनाल से मिलकर मामले की शिकायत देंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे।
हमारे पास न ही शिकायत आई है, न ही कोई वीडियो और न ही कोई इस तरह का कथित आरोपी गिरफ्तार हुआ है। शिकायत मिलेगी, तो कार्रवाई जरूर करेंगे।
- प्रवीन कुमार, किला थाना प्रभारी।