अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। विजिलेंस ने गोहाना रोड स्थित बिजली निगम के कार्यालय से शिफ्ट अटेंडेंट को मीटर नंबर बदलवाने के लिए 400 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ धर दबोचा। विजिलेंस ने आरोपी से 400 रुपये बरामद कर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी शिफ्ट अटेंडेंट को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जितेंद्र निवासी गढ़ सरनाई ने बताया कि कुछ दिन पहले बिजली निगम ने उसके घर पर बिजली का मीटर लगाया था। मीटर का नंबर गलत था। वह मीटर का नंबर चेंज कराने के लिए वीरवार सुबह बिजली निगम कार्यालय में गया था। यहां पर शिफ्ट अटेंडेंट नीरज कुमार निवासी सेक्टर 18 ने उससे 400 रुपये मांगे। इसके बाद वह सीधा विजिलेंस कार्यालय में पहुंच गया। यहां पर उसने इंस्पेक्टर सुल्तान सिंह को पूरी बात बताई। उन्होंने डीसी सुमेधा कटारिया को मामले से अवगत कराया। डीसी ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए तहसीलदार जयभगवान वत्स को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। विजिलेंस ने जितेंद्र को पाउडर लगे 100-100 के नोट दिए। जितेंद्र के हाथ से नीरज ने जैसे ही पैसे पकड़े। विजिलेंस ने उसको रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके हाथ धुलवाए गए। विजिलेंस ने उसको हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
मीटर नंबर बदलने के लिए बिजली निगम का शिफ्ट अटेंडेंट 400 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
-विजिलेंस ने छापा मारकर आरोपी को पकड़ा
-शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी विजिलेंस
फोटो 37