किशनपुरा से दिनदहाड़े छात्रा का अपहरण, अज्ञात स्थान पर ले गए अपहरणकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शहर के किशनपुरा खेड़ा वाला चौक से छठी कक्षा की एक छात्रा को रुमाल में नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता उसको शहर के एक अज्ञात स्थान पर ले गए। छात्रा देर शाम को वहां से बचकर निकल आई और दमकल विभाग के सामने अंडे की रेहड़ी लगाने वाली महिला को गुहार लगाई। वह समाचार लिखे जाने तक बेसुध हाल में थी। सूचना पर थाना मॉडल टाउन व किशनुपरा चौकी पुलिस और उसके परिजन पहुंचे। किशनपुरा चौकी पुलिस ने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार किशनपुरा निवासी कीर्ति का रविवार दोपहर के वक्त अपहरण कर लिया। वह छठी कक्षा की छात्रा है। कीर्ति के अनुसार उसकी दोपहर 12 बजे उसके सिर में कंघी कर रही थी। इसके बाद उसकी मां ने उसको किरयाना की दुकान पर धूप लेने को भेज दिया। वह धूप लेकर लौट रही थी तो एक लड़के ने उसको रुमाल सुंघा दिया और वैन में बैठाकर ले गया। उसको कुछ देर बाद हल्का होश आया तो उसने खुद को एक अज्ञात स्थान पर पाया। वहां पर कई और लड़कियां थी। उनके मुंह पर कपड़े बांधकर पीछे से हाथ बांधे हुए थे।
दोनों अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर हुई फरार
कीर्ति ने बताया कि दोनों अपहरणकर्ता किसी से बातचीत करते हुए बाहर चले गए। वे कहीं पर शराब पीने या लाने की बात कह रहे थे। उसने साहस जुटाया और कमरे से बाहर निकल आई। वह अंधेरे व पूरी तरह से होश में न आने के चलते जगह व रास्ते ही पहचान नहीं कर सकी। उसे अब भी डर लग रहा है।
डरी हुई है लड़की, लोगों को देखकर घबरा जाती है
दमकल विभाग कार्यालय के सामने अंडे की रेहड़ी लगाने वाली महिला भतेरी निवासी काबड़ी फाटक ने बताया कि वह सामान्य दिनों की तरह रविवार को भी अंडे की रेहड़ी लगाए हुए थी। देर शाम को एक लड़की हड़बड़ाई सी उसके पास आई और उसको बचाने की गुहार लगाई। उसने बच्ची को दिलासा दी और उसके परिजनों की जानकारी ली। एक राहगीर ने उसके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद तीन लड़के आए और उसको धमकाने लगे और उसको छोड़कर चले गए।
मॉडल टाउन थाना व किशनपुरा चौकी एरिया को लेकर उलझी
मॉडल टाउन थाना पुलिस छात्रा के बेसुध होने की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसका पता पूछा और उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना पर छात्रा के मामा व भाई मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उसकी पहचान की। इसी बीच किशनपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। किशनपुरा चौकी पुलिस ने उनके पास पहले शिकायत न आने पर मॉडल टाउन थाने का मामला बताया, लेकिन मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अपने एरिया में किसी तरह की जानकारी या सबूत न होने के चलते किशनपुरा चौकी में ही मामला होना बताया। इसके बाद किशनपुरा चौकी पुलिस कार्रवाई करने को तैयार हुई।
लड़की सहमी हुई है और वह नाबालिग है। उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस दुराचार की आशंका के चलते छात्रा का मेडिकल भी कराएगी। पुलिस बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।
नरेश एएसआई, जांच अधिकारी, किशनपुरा चौकी।
फोटो-23 से 25