किराएदार को शराब पीने से रोका तो मकान मालिक को धुना, लूटे 20 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। नलवा कॉलोनी निवासी एक मकान मालिक को अपने किराएदार को शराब पीने सेे रोकना भारी पड़ गया। किराएदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर तेजधार हथियार व लाठियों से हमला कर दिया।
नलवा कॉलोनी निवासी बबलू ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने मकान का एक कमरा गांव पंडोरा शामली, यूपी निवासी कमल को किराए पर दे रखा है। उसने उसको पहले हिदायत दी थी कि वह यहां अपने दोस्तों को नहीं लाएगा और न ही शराब का सेवन करेगा। लेकिन कमल रविवार देर शाम अपने दोस्तों के साथ कमरे पर आया और शराब का सेवन किया। आरोप है कि वे लोग अभद्र भाषा का प्रयोग कर ऊंची आवाज में बात कर रहे थे। बबलू ने बताया कि वह उनके कमरे पर पहुंचा और शराब पीने से मना किया और कमरा जल्द खाली करने की कही। इस पर वे लोग तैश में आ गए और उस पर तेजधार हथियार व लाठियों से हमला कर दिया। आरोप है कि शोर सुनकर उसकी पत्नी कविता, बेटी गीता, कोमल व बहन रानी आई तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके पास से 20 हजार रुपये भी लूट लिए। वारदात के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
बबलू का आरोप है कि सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और घर जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि गीता की हालत नाजुक है, उसे दाखिल करने की कही, लेकिन डॉक्टर ने उसे दाखिल नहीं किया। सोमवार को वे लोग गीता की गोद में उठाकर लघु सचिवालय पहुंचे और एसपी कार्यालय के सामने लेटाकर न्याय की गुहार लगाई। बबलू ने एसपी को शिकायत देते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ने मामले की जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।