पानीपत। किशनपुरा स्थित मिष्ठान भंडार पर सोमवार रात सवा 10 बजे दो नकाबपोश सहित तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर दुकानदार, उसके बेटे व नौकर को बंधक बना कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायर किए व गल्ले से 32 हजार की नकदी लूटकर कार में सवार होकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपियों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली। इसके साथ केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पैसे नहीं दिए, तो किए दस राउंड फायर
सलारगंज गेट घेर अरीया मोहल्ला निवासी शशि भूषण यादव ने थाना चांदनीबाग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी खन्ना रोड किशनपुरा में पिछले 13 साल से मयूर मिष्ठान भंडार नामक दुकान है। मंगलवार की रात वो अपनी दुकान पर अपने 20 वर्षीय बेटे सोनू व नौकर बबलू के साथ दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था। रात करीब सवा 10 बजे का समय था। इसी दौरान दुकान में तीन युवक आए। जिनके हाथ में पिस्तौल थी व दो नकाबपोश थे व एक का चेहरा दिख रहा था। एक बदमाश ने दुकान संचालक के व एक बदमाश ने पास में खड़े बेटे की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी। बदमाश ने दुकान संचालक की नाक पर पिस्तौल की बट मारी व बोला की कैश दे दे, नहीं तो गोली मार दूंगा। इसी दौरान तीसरा बदमाश काउंटर की ओर बढ़ा व गल्ले से रुपये निकालने लगा। जिस पर दुकानदार ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने एक के बाद एक करीब 10 राउंड फायर किए। जिस दौरान एक गोली दुकान के शीशे पर, दो गोली छत पर व एक गोली काउंटर पर लगी। राउंड फायर करने के बाद बदमाश गल्ले से 32 हजार की नकदी लेकर दुकान से भाग निकले। तीनों बदमाश पास में ही एलके होंडा के बाहर खड़ी एक सफेद रंग की कार में सवार होकर फरार हो गए।
नहीं करता काम 100 नंबर, 10 बार किया डायल, आखिर में चौकी ही जाकर दी वारदात की सूचना:
दुकानदार शशि भूषण यादव ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल नंबर 100 पर कॉल की। लेकिन फोन नहीं मिला। अलग-अलग नंबर से करीब 10 बार फोन किया गया, लेकिन रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित खुद कृष्णपुरा चौकी में गया व वहां जाकर वारदात की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया, मौके से गोलीबारी के 7 खोल बरामद हुए।
थाना चांदनी बाग प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस मौके पर पहुंची व मौके का मुआयना किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।