पानीपत। असंध रोड पर रामलाल चौक के पास में बदमाशों ने एक युवक के सिर में कड़े से वार करके उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश उसे एक स्कूल बस में ले गए और मारपीट करते हुए उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां से डाक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों ने घायल को असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। पुलिस ने घायल के बयानों पर 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर करनाल निवासी 23 वर्षीय युवक सन्नी ने बताया कि वह दो भाई व एक बहन हैं। इनमें से एक भाई व एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि वह अविवाहित है। माता-पिता का देहांत होने के चलते वह अपनी बहन की ससुराल में रहता है। सोमवार को वह करनाल से गांव सौदापुर के लिए रवाना हुआ था। जब वह असंध रोड पर राम लाल चौक से थोड़ा आगे पहुंचा तो सौदापुर निवासी राकेश ने पीछे से उसके सिर में कड़ा मारकर उसे बेहोश कर दिया। बाद में आरोपी राकेश व उसके साथ एक स्कूल बस में डालकर गांव सौदापुर ले गए। रात करीब साढ़े आठ बजे जब उसे होश आया तो शंकर, काशु, रूप बसंत उर्फ पप्पू, बुढढ़ा व सन्नी ने उसे बस से नीचे उतार लिया तथा कुछ ही दूरी पर श्मशान में ले गए। जहां पर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। वह जान बचाने के लिए भागा तो आरोपियों ने नोहरा मोड़ के पास उसे चारों तरफ से घेर लिया व आरोपी बुढ़ा ने उसकी छाती पर चाकू से वार किया। बचने के लिए दाहिनी बाजू अड़ा दी, जिससे उसके हाथ पर चोटें आई हैं। आरोपी ने दोबारा चाकू से उस पर हमला किया। लेकिन उसके द्वारा शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग जमा हो गए। जिन्हें देखकर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए।