दो कारोबारियों के ठिकाने पर 18 घंटे छापेमारी में तीन करोड़ पांच लाख टैक्स चोरी का खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। आयकर विभाग की टीम ने 18 घंटे की छापेमारी के बाद शनिवार को खुलासा किया कि विरमी स्पिनिंग प्रा. लि. की ओर से 75 लाख व रग्ज क्रिएशन प्रा.लि. ने दो करोड़ 30 लाख रुपये की टैक्स चोरी किया है। विभाग की छापेमारी के बाद दोनों फर्म के संचालकों की ओर से 31 मार्च तक पैसा जमा कराने का लिखित आश्वासन दिया है। मूल रुप से मतलौडा के रहने वाले ईश्वर बंसल का धागे का कारोबार है। आयकर विभाग को उनकी विरमी स्पिनिंग प्रा.लि. फर्म में टैक्स की अनियमितता की जानकारी मिली थी। जिसके बाद दस सस्यीय टीम ने खोतपुरा रोड पर स्थित कंपनी में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 18 घंटे तक टीम उसके ठिकानों पर रही। जिस दौरान 75 लाख रुपये के टैक्स की चोरी का खुलासा हुआ। टीम के अन्य सदस्यों ने रग्ज क्रिएशन फर्म के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी उनके अलीपुर रोड पर स्थित कंपनी व हुडा सेक्टर के आवास पर की गई। टीम की ओर से उनकी फर्म में 2 करोड़ 30 लाख रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया। टीम का नेतृत्व आयकर विभाग की संयुक्त आयुक्त अनीता मीना कर रही थी। छापेमारी के लिए 50 सदस्यीय टीम शुक्रवार की दोपहर को ही कार्यालय से निकली थी। टीम के सदस्यों ने 18 घंटे की छापेमारी के बाद करोड़ों के टैक्स चोरी का खुलासा किया है।
आयकर विभाग की छापेमारी से कारोबारियों में रहा हड़कंप
शुक्रवार की शाम से शहर के दो बड़े टेक्सटाइल कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप रहा। लोग एक दूसरे से विभाग की ओर से की जाने वाली गतिविधि के बारे में जानते रहे। करीब एक माह पहले भी टीम ने छापेमारी करके तीन अन्य फर्मो से एक करोड़ रुपये से अधिक टैक्स चोरी का खुलासा किया था।
जीएसटी चोरी का मामला पहले ही आ चुका है प्रकाश में
शहर के धागा कारोबारियों की ओर से टैक्स चोरी का खुलासा कोई नई बात नहीं है। हाल ही में सी जीएसटी की टीम ने तीन बोगस फर्मो की ओर से साढ़े चार सौ करोड़ की बिलिंग कर 32 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। इसके साथ ही एसजीएसटी की टीम ने 21 बोगस फर्मा की ओर से 470 करोड़ के बिलिंग का खुलासा किया है। एसजीएसटी उपायुक्त की ओर से चांदनी बाग थाने में 21 बोगस फर्म के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है। जिसकी जांच चल रही है।
टेक्सटाइल कंपनियों में टैक्स चोरी का अंदेशा मिला था। जिसके बाद टीम ने छापेमारी करके 3 करोड़ पांच लाख रुपये का टैक्स चोरी पकड़ा है। विभाग की ओर से यह अभियान जारी रहेगा। टैक्स चोरी करने वाली फर्म विभाग के राडार पर है। जल्द ही अन्य खुलासा किया जाएगा।
अनीता मीना, संयुक्त आयुक्त , आयकर विभाग, पानीपत।