फोटो संख्या- 43 व 44
खाना देने की बात पर दंपति झगड़े, पुलिस ने पति को दी थर्ड डिग्री
पीड़ित का दायें हाथ और दायें पैर ने काम करना बंद किया, अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमन वर्मा
पानीपत। बबैल रोड निवासी एक व्यक्ति ने अपनी दवा लेने से पहले पत्नी को खाना देने के लिए कहा। इस बात पर दंपति में झगड़ा हो गया। पत्नी ने तैश में आकर किला थाना में फोन कर पति की शिकायत कर दी। इस पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए किला थाना पुलिस हवलदार प्रमोद एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ उसके घर गया। वहां पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने बेड पर बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति पर डंडों से थर्ड डिग्री इस्तेमाल की। पुलिस की पिटाई से व्यक्ति का दायां हाथ और दायें पैर ने काम करना बंद कर दिया। इसके अलावा व्यक्ति के बायें कंधे पर भी गंभीर चोट आई है। व्यक्ति को पीटकर कर पुलिसकर्मी उसे बेहोश हालत में मौके से छोड़कर चले गए। बेहोशी की हालत में परिजन उसे सामान्य अस्पताल में लेकर आए, जहां वो उपचाराधीन है।
बबैल रोड निवासी घायल सोनू पुत्र सत्यवान ने बताया कि वह गाड़ी चलाने का काम करता है। 5 साल पहले उसकी शादी सोनीपत निवासी ज्योति के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दंपति के बीच झगड़ा रहता है। दंपति को का चार वर्षीय एक बेटा भी है। घायल ने बताया कि सोमवार सुबह से वह बीमार था। वह घर पर ही था। शाम 5:30 बजे उसने पत्नी को कहा कि वह दवाई लेगा, जिससे पहले वह उसे रोटी बनाकर दे दे। रोटी बनाने की बात सुनकर पत्नी ज्योति उसके साथ झगड़ते हुए किला थाना पुलिस को शिकायत दी। महिला की शिकायत सुनते ही पुलिसकर्मी प्रमोद पुलिस वर्दी में व एक अन्य पुलिसकर्मी जो कि सिविल ड्रेस में था, बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचे। जहां पहुंचते ही प्रमोद ने सोनू को बेड से उठने को कहा। इस पर सोनू ने कहा कि वह बीमार है, बेड से उठ नहीं सकता। इतनी बात सुनते ही पुलिसकर्मी प्रमोद ने बेड पर लेटे बीमार सोनू पर डंडों से वार कर दिया। सोनू ने बताया कि पुलिसकर्मी उसकी पिटाई के दौरान उसे बार-बार कहते रहे कि हम सिखाएंगे, औरतों से रोटी बनवाकर कैसे बार-बार खाते हैं। साथ ही वह गाली-गलौज करते रहे और उसको पीटते रहे। करीब 15 मिनट बाद जब उन की मार से वह बेहोश हो गया तो पुलिसकर्मी परिजनों को थाने में आने का हवाला देकर मौके से चले गए। इसके बाद घायल अवस्था में सोनू को सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक सोनू के दाएं पैर व दाया हाथ काफी हद तक डैमेज हो चुके हैं। साथ ही उसके बाएं कंधे पर गंभीर चोट आई है।
-----
आरोप बेनुयाद है। इस तरह का कोई भी मामला नहीं है। फिर भी मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- सुरेंद्र सिंह, एसएचओ, किला थाना पुलिस