सीजेएम ने रिहायशी कॉलोनी में चल रहा खुर्दा पकड़कर पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव मोहित अग्रवाल ने हरिनगर में एक दुकान में अवैध रूप से चल रहे खुर्दे का भंडाफोड़ किया है। सीजेएम ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर एक्साइज विभाग की टीम के साथ यह कार्रवाई की है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि वे पुलिस व पार्षद को खुर्दा बंद कराने की कई बार मांग कर चुके हैं। सीजेएम ने दुकान मालिक व ठेकेदार पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने खुर्दा कारिंदा को मौके पर पकड़ लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव मोहित अग्रवाल को मंगलवार दोपहर को थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत हरिनगर के कुछ लोगों ने शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी स्थित एक दुकान में अवैध रूप से खुर्दा चल रहा है। कॉलोनी के लोग खुर्दे के चलते सुबह ही शराब पीना शुरू कर देते हैं। ऐसे में कॉलोनी का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे खुर्दा बंद कराने की मांग को लेकर थाना मॉडल टाउन पुलिस व वार्ड पार्षद दुष्यंत भट्ट से मिल चुके हैं, लेकिन खुर्दा बंद नहीं हो पा रहा है। सीजेएम मोहित अग्रवाल एक्साइज इंस्पेक्टर व उनकी टीम के साथ हरिनगर कॉलोनी में पहुंचे। उन्होंने करीब दो सौ मीटर दूर अपनी गाड़ी रोक दी और पैदल की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान से दो बोतल देसी शराब की बरामद की और यहां से कारिंदा मुन्ना उर्फ संजय को काबू किया। संजय पूछताछ में पहले तो और शराब न होने की बात कहता रहा, लेकिन सख्ताई से पूछा तो उसने टेबल के नीचे से 12 बोतल और बरामद कराई। सीजेएम की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी कारिंदे मुन्ना उर्फ संजय को हिरासत में ले लिया।
ठेकेदार का ठीक से नाम तक नहीं पता
मुन्ना उर्फ संजय ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और अब पानीपत में ही रह रहा है। उसको लंबू ठेकेदार ने देसी शराब बेचने के लिए रखा है। वह उसको नौ हजार रुपये मानदेय व दोनों समय की रोटी देता है। एक्साइज विभाग के अधिकारियों ने इस नाम का कोई ठेकेदार न होने की बात कही। सीजेएम ने इसके बाद अधिकारियों को ठेकेदार व दुकान मालिक पर भी मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
वर्जन
हरिनगर कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार को मुझे कॉलोनी में अवैध रूप से शराब बेचने बाबत लिखित शिकायत दी थी। मैंने एक्साइज विभाग के अधिकारियों के साथ दुकान पर छापा मारकर 14 बोतल देसी शराब की बरामद की हैं। पुलिस को ठेकेदार व दुकान पर भी मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
मोहित अग्रवाल, सीजेएम, पानीपत।
वर्जन
पुलिस सीजेएम द्वारा छापा मारने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने कारिंदा मुन्ना उर्फ संजय को हिरासत में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नरेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना मॉडल टाउन।