फैक्ट्री मालिक को लगाया 9.15 लाख का चूना
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। हुडा सेक्टर-25 पार्ट-टू निवासी एक फैक्ट्री मालिक के साथ 9 लाख 15 हजार 950 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि पैसे वापस मांगने पर अब उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही है। फैक्ट्री मालिक ने इसकी शिकायत थाना चांदनी बाग पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुडा सेक्टर-25 पार्ट-टू स्थित फैक्ट्री के मालिक प्रवीन कुमार ने थाना चांदनी बाग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फैक्ट्री में कंबल बनते हैं। 20 अगस्त 2016 को उसके पास गांव खतौली, जिला मुजफ्फरनगर, यूपी निवासी मोहम्मद शहजाद आया। उसने कहा कि वह रजाई और कंबल की ट्रेडिंग करता है। उसने फैक्ट्री से मॉल उठाने की बात कही। शहजाद ने कहा कि मॉल की डिलीवरी होने के कुछ समय बाद ही पेमेंट कर देगा। शहजाद पर विश्वास कर 3,20,950 रुपये का माल दे दिया। उसने इस माल की एवज में दस हजार रुपये की पेमेंट की। बाकी पैसे बाद में देने की बात कही। 17 अक्टूबर 2016 को तीन लाख 15 हजार रुपये का माल उठाया। इसके बिल की एवज में 15 हजार रुपये की पेमेंट की। छह नवंबर 2016 को पिता की बीमारी का बहाना बनाकर एक बार फिर तीन लाख 15 हजार रुपये का माल ले गया। लेकिन आज तक पेमेंट नहीं दी। उनसे कई बार पैसे मांगे। हर बार बहाने बनाता रहा। अब पैसे मांगने पर यूपी आकर पैसे ले जाने की धमकी दे रहा है। उसे पैसे के बदले जान से मारने की धमकी मिल रही।
थाना चांदनी बाग प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि फैक्ट्री मालिक ने उसके साथ नौ लाख 15 हजार 950 रुपये की ठगी करने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।