नजीबाबाद। पुलिस ने बसपा नेता सहित 25 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी पुलिस पर हमला करने सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस ने रविवार शाम चौक बाजार से राजारामपुर के बाइक सवार युवकों को जाम के दौरान कार के सामने से बाइक न हटाने पर हंगामा करने के आरोप में पकड़ा था। परिजनों का आरोप था कि एक दरोगा ने अकारण युवकों के साथ मारपीट की। मोबाइल पर सूचना वायरल होते ही बड़ी संख्या में युवकों के समर्थक थाने पहुंच गए। बताया जाता है कि उनके द्वारा थाने में एसएसआई और पुलिसकर्मियों से अभद्रता की गई। प्रदर्शनकारी रविवार शाम तक थाने में जमे रहे। पुलिस का आरोप है प्रदर्शनकारियों को जब थाने से हटाने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर हमला बोल दिया, पथराव भी किया। हमले में दो पुलिसकर्मी रोहित राणा, प्रदीप कुमार तथा होमगार्ड देवेंद्र घायल हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को थाने से खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर एएसपी दिनेश कुमार, एसडीएम उद्भव त्रिपाठी, सीओ महेश कुमार ने रविवार की देर रात थाने पहुंचकर थाना प्रभारी सतीश कुमार से घटना की जानकारी की। पुलिस ने बसपा नेता शहनवाज सहित 25 लोगों को पुलिस पर हमला करने, बलवा, वाहनों को नुकसान पहुंचाने सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। 150 अज्ञात लोगों को भी रिपोर्ट में शामिल किया गया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की है। थाने पर पहुंचकर हंगामा करने वाले अज्ञात लोगों की शिनाख्त सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल क्लिपिंग के आधार पर की जा रही है।