फोटो संख्या-43 व 44
रेस्तरां में तय समय बाद मैनेजर ने उठने को कहा तो 20 युवकों ने की स्टाफ से मारपीट
लाल बत्ती स्थित ईट-स्ट्रीट रेस्तरां में हुआ विवाद, नशे में मैनेजर सहित 10 कर्मचारियों को धुना, एक आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। लाल बत्ती स्थित ईट-स्ट्रीट रेस्तरां में शुक्रवार को तय समय बाद मैनेजर ने वहां पार्टी कर रहे 20 युवकों से उठने को कहा तो उन्होंने इसका विरोध कर दिया। साथ ही कहा कि वे यहीं बैठेंगे, जिसे चाहे बुला लो। विवाद बढ़ने पर नशे में धुत युवकों में से तीन ने मैनेजर का गला पकड़ लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वहां खड़े स्टाफ कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो सभी युवकों ने वहां हाथापाई शुरू कर दी। युवकों ने दो मैनेजर सहित 10 कर्मचारियों से मारपीट की। बाद में भीड़ जमा होती देख सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। भागते हुए युवकों में से एक को कर्मचारियों ने सुखदेव नगर मोड़ से पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपी को वहां से बस स्टैंड चौकी ले गई। इस संबंध में पांच लोगों को नामजद करते हुए एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मैनेजर सूरज और दिवाकर दुबे ने बताया कि वीरवार को इसराना निवासी अंकित ने रेस्तरां में पार्टी करने के लिए बुकिंग की थी। इसके लिए समय सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक का तय हुआ था। बुकिंग के दौरान अंकित ने सिर्फ छह ही लोग होने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वहां 20 युवकों ने पार्टी की। मैनेजर का कहना है कि उन्होंने रेस्तरां के बार में बैठकर पार्टी की थी। तय समय तीन बजे मैनेजर ने उनसे चले जाने को कहा। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पहले तो गाली-गलौच शुुरू कर दी और उसके बाद विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो गए। हंगामा बढ़ते देख रेस्तरां के दोनों दरवाजे बंद तक कर दिए गए थे। लगभग 37 मिनट तक विवाद होता रहा। उसके बाद भी आरोपी वहां वारदात को अंजाम देकर भागने में सफल हो गए। मौके पर दो आरोपियों के कॉलेज के आई-कार्ड गिर गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। फिलहाल काबू आरोपी अंकित के मुताबिक उसके सभी साथी विद्यार्थी थे। इनमें से कोई कॉलेज तो कोई बिशन स्वरूप कॉलोनी में कोचिंग लेते हैं।
मामले में शिकायत नहीं मिली
एक आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया था। वह चोटिल है। उसका इलाज सामान्य अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में पांच लोगों को नामजद करते हुए एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
- कप्तान सिंह, एएसआई, बस स्टैंड चौकी, पानीपत