सीमा हत्याकांड में बेटी के कोर्ट में कराए बयान दर्ज, आरोपी की पेशी आज
-सानिया ने कोर्ट को बताया कि अनिल उर्फ बंटी चुघ ने ही उसकी मां को दिया था धक्का
-कोर्ट ने आरोपी को दूसरी बार तीन दिन के रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। थाना शहर पुलिस को सीमा हत्याकांड में उसकी बेटी के बयान देने को आगे आने पर जांच में मजबूत कड़ी मिली है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि वे रविवार को पूरे मामले का पटाक्षेप कर देंगे। हालांकि पुलिस ने सीमा हत्याकांड में अब तक आरोपी अनिल उर्फ बंटी चुघ को गिरफ्तार करने के सिवाय कुछ नहीं किया है। पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में सीमा की लड़की सानिया के बयान दर्ज कराए। उसने कोर्ट के सामने बताया कि उसकी मां व अनिल उर्फ बंटी चुघ का झगड़ा हो गया था। उसने उसकी मां को छत से धक्का दे दिया। जिसके चलते उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस ने बयानों को आधार मानकर आरोपी से पूछताछ तेज कर दी है।
थाना शहर पुलिस ने गीता कॉलोनी निवासी सीमा हत्याकांड की इकलौती गवाह उसकी बेटी सानिया के कोर्ट में बयान दर्ज कराए। सानिया ने बताया कि 23 नवंबर वीरवार को वह और उसकी मां सीमा घर पर थे। सेक्टर-13/17 निवासी अनिल उर्फ बंटी चुघ उनके घर पर आया। उसने मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर उसकी मां के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। वह झगड़े के कारण को समझ नहीं पाई। उसको कुछ देर बाद धमाक से कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। उसने बाहर आकर देखा तो उसकी मां नीचे फर्श पर सीढिय़ों के साथ खून से लथपथ पड़ी है। अनिल उर्फ बंटी चुघ मौका पाते ही अपनी काले रंग की स्कूटी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने सानिया के बयान दर्ज कराने के बाद आरोपी अनिल उर्फ बंटी चुघ से तीन दिन के रिमांड के दौरान पूछताछ की।
यह है मामला
विदित है कि गीता कॉलोनी निवासी हार्डवेयर एवं पेंट्स व्यापारी दीपक मुखीजा की पत्नी सीमा (42) की वीरवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे हत्या कर दी थी। प्राथमिक दृष्टता में हत्या गोली मारने से मानी गई थी। पुलिस ने सीमा के देवर के बयान पर तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। परिजनों के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर घर की डोरबैल बजाई और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर गोली मारकर काले रंग की स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गया, जबकि उसके दो साथी पैदल ही असंध रोड की तरफ फरार हो गए थे। परिजनों के अनुसार उस वक्त घर में पूर्व नौकरानी ललीता घर की सफाई कर रही थी और उसकी लड़की सानिया अपने कमरे में गाने सुन रही थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था और शव का पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम कराया था। अनिल उर्फ बंटी चुघ के परिजनों ने उसको सोमवार रात को ही पुलिस के सामने सरेंडर करा दिया था। थाना शहर पुलिस ने हत्यारोपी को दो दिन के रिमांड के बाद दोबारा तीन दिन के रिमांड पर ले रखा है।
वर्जन
पुलिस गीता कॉलोनी निवासी सीमा के हत्यारोपी अनिल उर्फ बंटी चुघ से तीन दिन के रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मृतक सीमा की लड़की सानिया के कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं। उसने अपने बयानों में अनिल उर्फ बंटी चुघ पर उसकी मां को छत से धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पूरा होने के बाद रविवार को कोर्ट में पेश करेगी।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।