उधार दिए पैसे मांगे तो किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गांव नांगल खेड़ी में उधार दिए पैसे मांगने पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। आठ मरला चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नांगलखेड़ी निवासी धर्मबीर ने आठ मरला चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विकास नगर निवासी राहुल ने उससे 4500 रुपये लिए थे। वह 17 जुलाई को राहुल से अपने रुपये लेने गया था। राहुल ने कहा कि उसे अपने दोस्त से पैसे लेने है और वहीं पैसे दे दूंगा। राहुल उसे साइकिल पर बैठाकर गांव बिंझौल की तरफ ले गया और नहर की पटरी पर पहुंचने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर पत्थर मार दिया। इसके बाद राहुल उसकी तरफ तेजधार हथियार लेकर लपका, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागा। राहुल ने उसका पीछा किया, लेकिन सामने से बाइकों पर दो युवकों को आता देख आरोपी फरार हो गया। धर्मबीर ने मामले की शिकायत आठ मरला चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि नांगलखेड़ी निवासी धर्मबीर की शिकायत पर विकास नगर निवासी राहुल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।