पानीपत। तहसील रोड स्थित खादी आश्रम के बाहर पुलिस को एक फॉरच्यूनर कार से 25 लाख रुपये नकद मिले हैं। पुलिस को संदेह है कि इस पैसे को लोकसभा चुनाव में किसी राजनीतिक पार्टी तक पहुंचाया जाना था। इसी संदेह पर निर्वाचन आयोग, पुलिस व आयकर विभाग ने तीन घंटे तक कार के मालिक से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने कार और कैश को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार निर्वाचन आयोग को गुप्त सूचना मिली थी कि स्काई लार्क रोड पर सफेद फॉरच्यूनर कार खड़ी है। इसमें मोटी रकम है, इस रकम को चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों को दिया जाना है। इसी सूचना पर निर्वाचन आयोग ने पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना एसएचओ जितेंद्र कुमार व एसएसटी के इंचार्ज ओम सिंह अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और गाड़ी को कब्जे में लेकर उसके मालिक को हिरासत में लिया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम रिशू बंसल बताया और कहा कि उनका देशराज कॉलोनी में कॉटन वेस्ट का काम है। आज उनको एक कंपनी से पेमेंट मिली है। दूसरी पार्टी ने नकद पेमेंट की है। शनिवार को बैंक बंद थे इसलिए वो पैसे घर लेकर जा रहा था। फिलहाल पैसा व गाड़ी पुलिस के कब्जे में है। आयकर विभाग इस मामले की जांच कर रहा है। आयकर विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद ही पैसा व गाड़ी लौटाई जाएगी।