घर में घुसकर दंपति से मारपीट कर लूटी कानों की बालियां
समालखा। नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने सुबह सवेरे कालीरामना मोहल्ला के एक घर में घुसकर दंपति के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। साथ ही महिला के कानों की बालियां भी निकालकर फरार हो गए। बाद में पहुंचे परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी।
शिकायत में प्रदीप निवासी कालीरामना मोहल्ला समालखा ने बताया कि उसके माता-पिता पशुओं का दूध निकालने के लिए सुबह करीब पांच बजे घेर में चले गए। इस दौरान घर पर उसका भाई पवन व उसकी पत्नी प्रीति घर पर अकेले थे। सुबह करीब छह बजे के उसके माता-पिता वापिस आए तो पवन व प्रीति घायलावस्था में अचेत पड़े हुए थे। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर पुलिस को सूचना दी। होश में आने पर प्रीति ने बताया कि तीन-चार व्यक्ति घर में घुस आए और उन्होंने हमला करते हुए उसे व उसकी पति को जख्मी कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदमाश ने उसे कोई इंजेक्शन लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।