गांव उग्राखेड़ी स्थित एक मकान में देर रात करीब एक बजे दो युवक चोरी की नीयत से घर में घुस गए। मकान मालिक के जागने पर दोनों गली में बुलेट बाइक को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गए। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को बरामद बुलेट बाइक सौंप दी गई है। पुलिस ने मकान मालिक के बयानों के आधार पर थाना चांदनी बाग में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव उग्राखेड़ी निवासी संदीप मलिक पुत्र बलबीर मलिक ने पुलिस को बताया कि शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि करीब एक बजे वह अपने परिवार सहित अपने घर में सो रहा था। बीबी-बच्चे दूसरे कमरे में थे जबकि वह अन्य कमरे में सो रहा था। रात को एक बजे अचानक पत्नी का शोर सुनकर वह नींद से जागा तो पत्नी ने बताया कि दो युवक चोरी की नीयत से घर में घुसे हुए थे जो कि शोर मचाने पर भागे हैं। वह चोरों को पकड़ने के लिए मकान के बाहर आया तो शोर सुनकर पड़ोसी भी वहां पहुंच गए थे। अंधेरा होने के कारण वें चोरों को नहीं पकड़ पाए लेकिन चोर चौक में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने ही वाले थे कि बाइक स्टार्ट न होने पर चोर उसे वहीं छोड़कर भाग गए।