बेटे की मौत के बाद विधवा बहू व पोते के हिस्से आई जमीन को हड़पने के आरोप में मतलौडा पुलिस ने गांव निवासी ससुर , सास ,जेठ व जेठ की बुआ के लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोपियों पर मारपीट करने शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, छेड़छाड़ कर बलात्कार करने की धमकी देने और आवाज उठाने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2014 में उसकी शादी गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। एक साल के बाद उसने बेटे को जन्म दिया। अगस्त 2016 में उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद से सास, ससुर व जेठ उसके हिस्से की जमीन हड़पने के लिए आए रोज उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ छेड़छाड़ व दुराचार करने का प्रयास भी किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसको व उसके बेटे का अपहरण कर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसके जेठ ने उसके साथ मारपीट की। इस पर उसने मतलौडा थाने में 30 जुलाई को मुकदमा दर्ज करवाया। इसके बाद उसे मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना कर परेशान किया जाने लगा। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।