चेन स्नैचर और बाइक चोरी के तीन बदमाशों को सीआइए-वन पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। हालंकि आरोपियों की ओर से 3 बार राउंड फायर हुए व पुलिस ने 2 राउंड फायर किए। जिस दौरान एक गोली गिरोह के सरगना के पैर में जा लगी। घायल बदमाश को खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। साथ ही दोनों बदमाशों को कोर्ट में पेश कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बदमाशों ने पुलिस पूछताछ में 3 चेन स्नैचिंग व 50 बाइक चोरी की पानीपत से वारदात का खुलासा किया। साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व यूपी में उनके गिरोह के काफी बदमाश सक्रिय होने का भी बताया।
सीआइए-वन में उप पुलिस अधीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात 2 बजे सीआइए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार को एक गुप्त सूचना मिली। जिसमें बताया गया कि स्नैचिंग व बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन आरोपी बाइक पर सवार हो काबड़ी रोड एंबिएंस सिटी के पास किसी अपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने अपनी टीम के साथ आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर दंबिश दी तो आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को देखते ही पुलिस टीम पर दो फायर करते हुए पैदल ही भागने की कोशिश की। वहीं पुलिस टीम ने भी अपना बचाव करते हुए आरोपियों पर तीन राउंड फायर करते हुए मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। मौके पर आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्तौल, दो खाली खोल, एक चाकू व एक स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। आरोपियों की पहचान मंगल पुत्र श्याम निवासी बिरालीयन शामली यूपी, विक्की पुत्र कालूराम निवासी खानपुर कला झिंझाना यूपी व राहुल पुत्र समुंद्र निवासी खानपुर जिला शामली यूपी के रूप में हुई। वहीं मुठभेड़ के दौरान आरोपी मंगल के पैर में एक गोली लगी, जिसको उपचार के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में धारा 307, 34 व आर्म्स एक्ट 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया की वे चेन स्नैचिंग व बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए यहां पर प्लसर या अपाचे बाइक लूटने के लिए आए थे। आरोपियों ने जिला पानीपत में चेन स्नैचिंग की तीन वारदातों के अतिरिक्त बाइक चोरी की 50 वारदातों को अंजाम देने का खुुलासा किया। आरोपी बाइक को यूपी में ढाई से 6 हजार की कीमत पर बेच देते थे व चेन को भी इसी तरह सस्ते दामों पर बेच देते थे।
आरोपियों ने पानीपत में चेन स्नेचिंग की इन वारदातों का किया कबूला
1. आरोपियों ने थाना किला क्षेत्र के अंतर्गत 26 अगस्त 2019 की सुबह महिला के गले से चेन स्नैचिंग करने की वारदात को अंजाम दिया।
2. आरोपियों ने थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अतर्गत 31 अगस्त 2019 की सुबह सेक्टर-12 में घर के बाहर खड़े एक युवक के गले से सोने की चेन स्नैचिंग करने की वारदात को अंजाम दिया।
3. आरोपियों ने थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत 24 अगस्त 2019 की सुबह सेक्टर-12 में शिव मंदिर में महिला के गले से सोने की चेन लूटने की वारदात को अंजाम दिया।
4. इसके अतिरिक्त आरोपियों ने जिला पानीपत से विगत दिनों बाइक चोरी की करीब 50 वारदातों को अंजाम देने का भी खुुलासा किया।
- सुबह 4 बजे गांव से आकर, पहले लूटते थे बाइक, फिर 6 से 8 बजे तक करतें थे चेन स्नैचिंग:
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका सरगना मंगल (23) है। मंगल के साथ विक्की (32) व राहुल (21) भी साथ है। इसके अलावा गिरोह में अनेकों और लोग शामिल है, जो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व यूपी में सक्रिय है। उक्त तीनों बदमाश, अपने गांव से सुबह 4 बजे नशे में धुत होकर वारदात को अंजाम देने के लिए निकलते थे। पानीपत इनके सबसे करीब है। इसलिए ये पानीपत में सबसे ज्यादा सक्रिय रहते थे। साढ़े 5-6 बजे तक पानीपत पहुंचने के बाद ये 6 से 8 बजे के बीच घर से बाहर दूध लेने जा रही महिलाओं, सैर करने जा रही महिलाओं सहित अकेले पुरूष के साथ चेन स्नेचिंग करते थे। ये समय इसलिए, क्योंकि इस समय में भीड़ कम होती है व भागने के लिए रास्ता भी काफी हद तक खाली ही मिलता है। वारदात को अंजाम देने के लिए अक्सर बाइक पर दो या एक बदमाश होता था, किसी तरह की दिक्कत वाले समय से निपटने के लिए बैकअप के लिए 3 अन्य बदमाश आस-पास रहते थे। साथ ही अगर किसी जगह पर बदमाश को पब्लिक पकड़ लेती थी, तो बदमाश खुद के हाथ या पेट पर चाकू मार लेते थे। जिससे पब्लिक डर के उनसे पीछे हो जाती थी। मंगल के हाथ पर काफी बड़ा निशान चाकू से वार का व विक्की के पेट पर चाकू से वार का निशान मिला है।