दो माह पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने तीन दोस्तों संग मिलकर एक टैक्सी ड्राइवर को चाकू से गोदकर घायल कर दिया। पीड़ित ड्राइवर ने बताया कि उसका नवंबर माह में एक शादी में झगड़ा हुआ था। जिस रंजिश में 24 जनवरी को एक युवक ने संजय चौक पर गाड़ी रुकवाई और उसके साथ साथ गाड़ी में पीछे से तीन युवक भी बैठ गए। जिन्होंने झगड़े की रंजिश में उपरोक्त वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मनजीत पुत्र मांगेराम निवासी सोनीपत ने बताया कि वह एक गाड़ी ड्राइवर है। उन्होंने बताया कि उसका राहुल उर्फ डोगा का एक शादी में झगड़ा हो गया था। जिस रंजिश में 24 जनवरी को वह गाड़ी लेकर गन्नौर जा रहा था। उसे रास्ते में अरुण पुत्र रमेश मिला, जिसने गाड़ी को रुकने का इशारा किया। पीड़ित ने गाड़ी रोक ली, जिसके बाद गाड़ी में राहुल उर्फ डोगा, अमित पुत्र सतीस और उनके साथ अन्य युवक भी गाड़ी में बैठ गए। आरोपियों ने पर्ल ढाबे के पास गाड़ी को रुकवाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने चाकू से पीड़ित पर वार किए, जिसके कारण वह गंभीर रुप से घायल हो गया। पीड़ित ने बचाव के लिए आवाज लगाई तो आरोपी मौके से फरार हो गए।