विकास नगर से अपनी पत्नी व बच्चों को रेलवे स्टेशन पर बाइक से लेने जा रहे युवक की बाइक सीवरेज के बने गड्डे के उपर से गुजरी तो उसका संतुलन बिगड़ गया और उसका सिर जमीन पर लगा, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया व बाइक मालिक को फोन कर घटना की सूचना दी। वहीं रेलवे स्टेशन से इंतजार करने के बाद पत्नी पहले घर तो फिर अनाज मंडी पहुंची और जहां पर उसे हादसे में पति मृत होने की सूचना मिली।
पुलिस को दी शिकायत में भूरी पत्नी इब्राहिम निवासी विकास नगर ने बताया कि वह पिछले पांच साल से पानीपत में रह रहे है। उसका पति अनाज मंडी में पल्लेदारी का काम करता है। वह अपने दो बच्चों संग दीपावली से दो दिन बाद अपनी चेचरी बहन की शादी में गांव अलाहपुर जिला बदायु यूपी में गई थी। जिससे निपटकर वह पांच नवंबर रात 12 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। उसने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर अपने पति इब्राहिम (25) पुत्र रहिस अहमद से फोन किया और स्टेशन पर पहुंचने की सूचना दी। जिसके बाद पति अपने पड़ौसी किराएदार दोस्त प्रदीप की बाइक सिटी डिलेक्स लेकर रात को ही विकास नगर से चल पड़ा। जब वह अनाज मंडी रोड पर कांटे के पास पहुंचा तो वहां पर सीवरेज हॉल का ढक्कन गड्डे की शेप में बना हुआ था, जैसे ही उसके उपर से गुजरा तो उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही उसका सिर जमीन पर लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही किशनपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में पहुंचाया व बाइक मालिक को सूचना दी। वहीं दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन पर पूरी रात इंतजार करने के बाद पत्नी सुबह छह बजे ऑटो के माध्यम से घर पहुंची, जहां पर घर लॉक था। उसके बाद वह अनाज मंडी में पहुंची और किराएदार प्रदीप से मिली। प्रदीप से बाइक की बात बताई और पुलिस द्वारा दी गई सूचना उसे दी। पत्नी सूचना मिलते ही सामान्य अस्पताल पहुंची, जहां पर उसे पता चला कि उसके पति की मौत हो चुी है। पुलिस ने बुधवार को पंचनामा भरवा शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया।