शहर की विद्यानंद कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी।
परिजन कार्रवाई की मांग पर दिनभर थाना चांदनी बाग और जीआरपी के चक्कर काटते रहे। थाना चांदनी बाग पुलिस देर शाम को परिजनों की मांग पर कार्रवाई करते हुए बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। पुलिस रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
थाना चांदनी बाग के अंतर्गत विद्यानंद कॉलोनी निवासी कविता को संदिग्ध हालात में घायलावस्था के चलते सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। उक्त लोगों ने कविता के रेलवे ट्रैक से मिलने की बात कही। परिजन इसकी जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंचे।
डॉक्टरों ने महिला का उपचार किया और उसको सामान्य होने पर परिजनों के साथ भेज दिया। महिला की कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ गई और कई निजी अस्पताल में दाखिल कराने के बाद उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के मामले में कार्रवाई को लेकर दिनभर थाना चांदनी बाग और जीआरपी के बीच खिंची रही। जीआरपी ने महिला की ट्रेन की चपेट में न आने की कहकर कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।
जबकि डॉक्टरों ने अपने रिकार्ड में महिला के साथ रेलवे ट्रैक पर मारपीट कर फेंकने और बाद में मौत होना स्पष्ट लिखा है। ऐसे में डॉक्टरों ने जीआरपी को ही रुक्का भेज दिया। थाना चांदनी बाग पुलिस को परिजन वारदात स्थल की नहीं बता सके। ऐसे में थाना चांदनी बाग पुलिस कार्रवाई करने में आगे नहीं आई।
विद्यानंद कॉलोनी निवासी पवन ने बताया कि उसकी पत्नी सेक्टर-25 स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी और वह शुक्रवार सुबह घर से फैक्ट्री गई थी। वह देर शाम तक भी नहीं आई तो देर रात करीब नौ बजे उसके मोबाइल पर संपर्क किया।
उसका मोबाइल सिविल अस्पताल के एक डॉक्टर ने उठाया और पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। कविता उनसे ज्यादा नहीं बोल सकी। उनको उसकी पीठ पर गहरे निशान मिले। परिजनों ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि फैक्ट्री में काम करने वाला एक व्यक्ति उससे कई बार बात करता था। आरोप है कि वह कई बार उनके घर पर भी आया था।
उन्होंने उक्त व्यक्ति पर ही वारदात को अंजाम देने का शक जताया। पुलिस ने परिजनों की मांग पर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
जीआरपी को सिविल अस्पताल से एक महिला की ट्रेन एक्सीडेंट में मौत होने की सूचना मिली थी। जीआरपी सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंच गई थी। परिजनों ने ही इस मामले की कार्रवाई थाना चांदनी बाग से कराने की मांग की। थाना चांदनी बाग पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
बलकार सिंह, प्रभारी, जीआरपी पानीपत
विद्यानंद कॉलोनी निवासी कविता की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस इसको पहले जीआरपी के अंतर्गत का मामला मान रही थी। परिजनों ने एक व्यक्ति पर शक जताया है और थाना पुलिस ने इसमें परिजनों की मांग पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी और इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
रामकुमार, प्रभारी, थाना चांदनी बाग पानीपत