पानीपत। इन दिनों हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और सीबीएसई की 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होने जा रही हैं। तमाम विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं का तनाव ले लेते हैं लेकिन उन्हें चाहिए कि स्ट्रेस को त्यागकर बेहतर शेड्यूल के अनुसार मुख्य टॉपिक्स पर ध्यान दें।
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, आखिरी दिनों में एग्जाम का स्ट्रेस लेकर समय बर्बाद करने के बजाय अपने रिवीजन पर फोकस करना चाहिए। बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को अभिभावकों, शिक्षकों, रिश्तेदारों, दोस्तों, भाई-बहनों आदि की तमाम सलाह मिलती हैं लेकिन आखिरी के कुछ दिनों में सबकी सलाह मानने के बजाय अपने बनाए हुए शेड्यूल के हिसाब से तैयारी करनी चाहिए। अपने स्टडी शेड्यूल को कुछ-कुछ दिनों में बदलते रहें। इससे एग्जाम के बचे हुए दिनों के हिसाब से तैयारी करने में मदद मिलती है।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे करें
- बचे हुए कुछ दिनों में कोई भी नया टॉपिक न पढ़ना बेहतर रहता है।
- आप इतने महीनों से जो कुछ पढ़ चुके हैं, अब बस उसका रिवीजन करें।
- पिछले साल के पेपर और सैंपल पेपर सॉल्व करने से तैयारी का आकलन कर सकते हैं।
- अपनी तैयारी की तुलना किसी अन्य विद्यार्थी से भी न करें।
- सोशल मीडिया पर या घूमने-फिरने में समय व्यर्थ न गंवाएं।
हरियाणा शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं जारी हैं। सीबीएसई जल्द ही शुरू होने वाली है। विद्यार्थियों के पास परीक्षा के लिए अब मात्र चार दिनों का समय बचा हुआ है। ऐसे में उन्हें अपना पूरा फोकस अब सिर्फ रिवीजन पर ही लगा देना चाहिए। इस दौरान न तो किसी नई किताब से पढ़ाई करें और न ही दूसरों के साथ अपनी पढ़ाई की तुलना करें। अपना यह नया शेड्यूल आज से ही अमल में लाना बेहतर रहेगा। - तकदीर सिंह, सहायक प्रोफेसर, मनोविज्ञान, डाइट, पानीपत।