समालखा। श्याम मंदिर चुलकाना में सोमवार को बीडीपीओ के न आने पर दानदात्रों में दान राशि की गिनती नहीं हो सकी। इससे पहले रविवार को छुट्टी के चलते गिनती बंद रही। अब तक 24 में से एक दानपात्र की गिनती हो सकी है। प्रशासन ने गिनती के लिए पांच दिन का समय लगने की बात कही थी।
बाबा के मंदिर में 24 दानपात्र और खोले जाएंगे। एक दानपात्र से शुक्रवार और शनिवार को गिनती में 44.30 लाख रुपये की नकदी निकली है। रविवार को सरकारी अवकाश के चलते गिनती कार्य नहीं हो पाया। मंदिर में सोमवार को सुबह ही गिनती कार्य शुरू किया जाना था, लेकिन बीडीपीओ शक्ति सिंह नहीं पहुंचे। उनके पास समालखा के साथ सनौली-बापौली का भी कार्यभार है। कार्यालय के कर्मचारियों ने दूसरे खंड के कार्यों में व्यस्त होना इसका कारण बताया। ऐसे में श्याम बाबा मंदिर में पूरा दिन गिनती नहीं हो सकी। बीडीपीओ शक्ति सिंह से फोन पर कारण जानने का प्रयास किया। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि दानपात्र की गिनती सावधानी बरती जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी के बिना गिनती नहीं हो सकती। मंदिर में मंगलवार को गिनती शुरू की जाएगी।