माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। नगर निगम ने शहर में बिना एनओसी और नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में चिह्नित किए गए 115 अस्पतालों, होटलों और कोचिंग सेंटरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) मांगी है। निर्धारित समय सीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर इनके खिलाफ सीलिंग की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस पाने वालों में मुख्य रूप से 67 होटल, 37 अस्पताल और 11 कोचिंग सेंटर शामिल हैं। इससे पहले भी नगर निगम की ओर से 42 होटलों, 56 अस्पतालों और 25 कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। निगम की इस सख्ती के तहत अब तक चार कोचिंग सेंटर और एक होटल को सील भी किया जा चुका है। इनमें एक ने अपना कोचिंग सेंटर बंद कर दिया है।
संचालक ने आरोप लगाया कि भवन मालिक ने नक्शा पास होने और सभी नियमों की पालना का भरोसा दिया था। अब जरूरत पड़ने पर किसी प्रकार के नियम नहीं मिले। वे युवाओं का भविष्य खराब नहीं कर सकते। वे दूसरे सुरक्षित स्थान पर अपना सेंटर शुरू करेंगे। वहीं एक कोचिंग सेंटर संचालक ने नियम पूरा करने के लिए 15 दिन का समय मांगा है।
कर्मचारियों में भारी रोष : गोहाना रोड स्थित सोमबीर अस्पताल में शुक्रवार को जांच के दौरान नगर निगम कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में चौथे दिन भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से निगम कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कर्मचारी यूनियन के प्रधान नरेश ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने दो दिनों में गिरफ्तारी न हुई तो यूनियन कड़ा फैसला लेगी।
शहर में संचालित सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों और होटलों को सुरक्षा मानकों और सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। नोटिस देने के साथ-साथ सीलिंग अभियान जारी रहेगा। -डॉ. पंकज, आयुक्त, नगर निगम।