पानीपत। दिवाली को लेकर बिजली निगम ने भी जिले में निर्बाध बिजली सप्लाई की तैयारी कर ली है। तैयारियां इस हिसाब से की गई हैं कि जिले में कहीं भी किसी भी प्रकार का फॉल्ट हुआ तो शिकायत मिलने पर निगम की टीम महज दस मिनट में मौके पर पहुंचेगी। इसके लिए बिजली निगम ने फील्ड में 288 तकनीकी कर्मचारियों को तैनात किया है। इसके अलावा अलग से 21 मोबाइल ट्रांसफार्मर फील्ड के लिए तैयार किए हैं। ताकि किसी ट्रांसफार्मर फेल होने, जलने या बड़ा फॉल्ट होने की सूरत में ट्रांसफार्मर को ही बदला जा सके। लोगों के लिए बिजली फॉल्ट की शिकायत देने के लिए हैल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। ताकि शहर के लोग बिजली फॉल्ट की सूचना इन नंबरों पर देकर अपनी बिजली सप्लाई को दुरुस्त करवा सकें। फॉल्ट आने पर उपभोक्ता निगम के 1912, 9354919021, 9354919022 और 01802656044 पर अपनी शिकायत देकर बिजली फॉल्ट ठीक करवा सप्लाई चालू करवा सकते हैं।
निगम अधिकारियों ने बताया कि दिवाली त्योहार को लेकर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों की रोस्टर वाइज ड्यूटी लगाई गई है। निगम में शिकायत केंद्र भी बनाया गया है। हर शिकायत और उसके समाधान की जेई, एसडीओ और एक्सईएन के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। शिकायतों के समाधान का फीडबैक भी लिया जाएगा। दिन के अलावा रात को भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सबसे खास बात ये है कि सनौली रोड सब डिवीजन में एसडीओ के खिलाफ धरने पर बैठे कर्मचारियों ने भी कहा है कि वे दिवाली के दिन काम नहीं छोड़ेंगे। दिवाली से पहले और बाद में धरना प्रदर्शन करेंगे लेकिन जनहित को देखते हुए दिवाली की रात हर घर में रोशनी हो इसके लिए सभी फील्ड में तैनात रहेंगे।
वहीं, निगम अधिकारियों ने बताया कि जिन पावर हाउस से जुड़े सब स्टेशन और फीडरों पर ओवरलोड रहता है उनका ओवरलोड भी दूसरे कम लोड वाले फीडरों पर भेजकर संतुलन बनाया जा रहा है ताकि कोई भी फीडर ओवरलोड की समस्या से फॉल्ट में न आए। इसके अलावा ज्यादा लोड वाले फीडरों की मरम्मत और रखरखाव का काम पूरा किया जा चुका है।
वर्जन:
दिवाली को लेकर निर्बाध बिजली सप्लाई की पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। कोशिश रहेगी कि जिले भर में कोई कट या फॉल्ट न लगे। अगर कोई फॉल्ट आता भी है तो उसका तुंरत समाधान किया जाएगा।
धर्म सुहाग, एसई, बिजली निगम।