पानीपत। नगर निगम ने शहर में अवैध विज्ञापन लगाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने शहर में कई अनाधिकृत विज्ञापन साइटों के पोल को उखाड़ा है। वहीं, शहर से कई वैध साइटों पर लगे अवैध विज्ञापन हटवाए हैं। निगम की ये कार्रवाई रात के समय चली। अधिकारियों ने हाइड्रा मशीन के साथ भारी भरकम यूनिपोल उतरवा दिए। बड़ी विज्ञापन साइटों से कर्मचारियों ने लगे पोस्टर बैनर फाड़ दिए।
नगर निगम ने शहर में अवैध विज्ञापन और साइटों का दौरा कराया था। इस दौरान शहर में कुल 128 जगहों पर विज्ञापन मिले। इनमें केवल 28 साइट ही निगम की वैध मिली बाकी सभी साइट और विज्ञापन अवैध रूप से लगाए गए मिले। जिस पर निगम ने कार्रवाई की योजना बना ली है। इस समाचार को अमर उजाला ने अपने सात नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर निगम ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि अब शहर के उन सभी बड़े दुकानदार या शोरूम संचालक जिन्होंने अपनी दुकान के बाहर किसी और एजेंसी या ब्रांड का विज्ञापन लगा रखा है तो उन्हें ये विज्ञापन उतारना होगा। इसके लिए निगम की ओर से ऐसे दुकानदार और शोरूम संचालकों का सर्वे कर उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। निगम आदेशों की अवमानना पर निगम निर्धारित विज्ञापन रेट की मासिक फीस का तीन गुणा जुर्माना तक लगाया जाएगा। साथ में डी बार की कार्रवाई भी होगी।
वर्जनः
शहर में अवैध विज्ञापनों पर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर का सर्वे कराया जा रहा है। जो अवैध विज्ञापन या यूनिपोल साइट मिली उसे उखाड़ दिया जाएगा। थर्ड पार्टी विज्ञापन लगाने वालों को नोटिस देकर जुर्माना या डी बार की कार्रवाई की जाएगी।
राहुल पूनिया, एक्सईएन, नगर निगम।