गांव सिवाह और दीवाना के बीच दिल्ली पैरलल नहर से होकर पानीपत से सोनीपत जा रहे कंटेनर के सामने एक भूसे से भरे ट्रैक्टर ने अचानक कट मार दिया। जिसको बचाने के चक्कर में चालक संतुलन खो बैठा और कंटेनर नहर में जा गिरा। कंटेनर चालक और हेल्पर खुद तैरकर नहर से निकल गए, लेकिन केबिन में सो रहा चालक का भतीजा नहर में बह गया। डीएसपी व गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची, सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक भतीजा नहीं मिला।
उत्तर प्रदेश के अमरोह निवासी मुकुंद ने बताया कि वह कंटेनर पर ड्राइवर है। वह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कंटेनर लेकर पानीपत से सोनीपत के लिए निकले थे। उसके साथ हेल्पर आकाश और भतीजा रूप किशोर (18) था। उन्होंने जीटी रोड की बजाय दिल्ली लिंक पैरलल नहर के सहारे से जाना ठीक समझा, क्योंकि जाम कम लगता है। जब वह सिवाह और दीवाना के पास पहुंचे तो एक भूसे से लदे ट्रैक्टर ने अचानक कट मार दिया। ट्रैक्टर को बचाने के लिए उन्होंने कंटेनर को दाएं तरफ घुमा दिया। जिस वजह से कंटेनर अनियिंत्रित होकर सीधा नहर में जा गिरा। रूप किशोर नहर के तेज बहाव होने की वजह से बह गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ट्रैफिक व सेक्टर 29 थाना पुलिस
मौके पर सेक्टर 29 थाना व ट्रैफिक पुलिस पहुंची और वहां पर लगे जाम को खुलवाया। उसके बाद जेसीबी व गोताखोर की छह सदस्यीय एक टीम को बुलवाया गया। जेसीबी आने के बाद रोड को दोनों तरफ से बंद कर दिया, ताकि कोई इस बीच बड़ी घटना न हो। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कंटेनर को बाहर निकाला। अभी तक रुप किशोर को ढूंढने के लिए नहर में सर्च अभियान जारी है।
सूचना मिलते ही वह स्वयं भी मौके पर गए थे, प्राथमिक जांच में पता चला कि ड्राइवर और हेल्पर को तैरना आता था। वह तैर कर बाहर आ गए। ड्राइवर के भतीजे का सुराग नहीं मिल सका है।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय