लाल बत्ती चौक पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी। संवाद
पानीपत। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलकर विकासशील भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी, राम जी) करने का कांग्रेसियों ने विरोध किया है। रविवार को कांग्रेस कमेटी ने लाल बत्ती चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया, साथ ही केंद्र सरकार का पुतला भी दहन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों की भावनाओं के विरुद्ध जाकर यह काम किया है।
रविवार को हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र के नेतृत्व में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता लाल बत्ती चौक पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, साथ ही केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना महात्मा गांधी के विचारों, ग्रामीण गरीबों के अधिकारों व संविधान की भावनाओं की योजना थी। सरकार ने गरीबों की भावनाओं के विरुद्ध जाकर योजना का नाम बदला है। कांग्रेस गरीबों की भावना की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। इस मौके पर पानीपत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वरिंदर शाह, रीतमोहन शर्मा, राकेश चुघ, रमेश पुहाल, राजू पाहवा, सरदार अजीत सिंह, सुरेश बवेजा, राजेंद्र पूनिया, राजवीर पोड़िया, राम लाल हैप्पी, अश्वनी नंबरदार, सरदार बलबीर सिंह, पिंकी कपूर, शेर चंद कपूर, केवल कपूर आदि मौजूद रहे।