निवेशकों के साथ करीब 150 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी कंपनी के निदेशक रिंकू ढांडा व उनकी पत्नी सोनिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दंपती ने अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर वर्ष 2019 में जीएफएक्स एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी। उन्होंने 10 महीने में पैसे दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से कंपनी में निवेश कराया था और करीब चार साल तक निवेशकों को योजना का लाभ देने के बाद वर्ष 2024 में कंपनी बंद कर दी थी। पैसा वापस नहीं मिलने पर निवेशकों ने आरोपियों के खिलाफ पानीपत व अन्य जिलों में शिकायत देकर मुकदमे दर्ज कराए थे। कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी के पानीपत के थाना चांदनी बाग, थाना किला व थाना सेक्टर 13/17 में एक-एक, करनाल में एक व जींद जिला में दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने शनिवार को मामले का पटाक्षेप किया। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सुरेश ने उनको शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि पानीपत निवासी निर्दोष कुमार के साथ उसकी जान पहचान थी। निर्दोष कुमार ने उसको अपनी कंपनी जीएफएक्स एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड के बारे में बताया। निर्दोष मई 2023 में रिंकू ढांडा, सोनिया ढांडा व अंजली को साथ लेकर उनके घर आए। उसको 40 सप्ताह में पैसे दोगुने करने की बात कह कंपनी में निवेश करने को कहा।