संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। खंड के सींक गांव में विकास कार्यों पर इसराना पंचायत समिति के अध्यक्ष हरपाल मलिक व गांव की महिला सरपंच आमने-सामने आ गए हैं।
पंचायत समिति अध्यक्ष हरपाल मलिक ने विकास कार्यों में गड़बड़ी की आशंका जताई है और वर्तमान सरपंच के कार्यकाल में कराए कामों की जांच कराने की मांग की।
वहीं सरपंच ने सामने आकर आरोपों को निराधार और परेशान करने वाली राजनीति बताया। उनका कहना है कि कुछ लोग उनको मानसिक रूप से प्रताड़ित करना चाहते हैं।
पंचायत समिति के अध्यक्ष हरपाल मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को एसडीएम नवदीप नैन से मिला। उन्होंने बताया कि करीब दो माह पूर्व बीडीपीओ को शिकायत देकर सींक गांव की सरपंच नीलम द्वारा कराए गए सभी विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की थी। उन्हें अंदेशा है कि विकास कार्यों में अनियमितता बरती गई है।
उन्होंने इसमें हेराफेरी करने के भी आरोप लगाए है। अब तक सरपंच द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच नहीं की गई। उस समय जांच का जिम्मा एसईपीओ को दिया गया था। उन्होंने फिर से जांच कराने और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारी पर भी कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम ने कहा कि यह मामला बीडीपीओ से संबंधित हैं। उनसे रिपोर्ट ली जाएगी। इस मौके पर संजय, ग्राम पंचायत सदस्य सुशील मलिक, कृष्ण कश्यप, साहब सिंह, सुरेंद्र, ईश्वर, कुलदीप, राममेहर व सुरेंद्र बंटू मौजूद रहे।