पानीपत। इस बार मौसम लगातार परिवर्तनशील रहा है। सोमवार को पूरा दिन आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही। जिससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ ने इस सप्ताह बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
रविवार को मतलौडा में चार व इसराना में दो एमएम बारिश दर्ज की गई थी। सोमवार को बादलों की आवाजाही लगी रहने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई। जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही। बादलों की आवाजाही व हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं बारिश न होने से किसानों को धान की रोपाई की चिंता सताने लगी है। क्योंकि बिजली के अघोषित कटों से वे बिजली ट्यूबवेल से सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं और न ही तेज बारिश हो रही है कि धान की रोपाई की जा सके। जो किसान धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं उन्हें अब तेज बारिश न होने की चिंता सताने लगी है। अहर निवासी अजमेर सिंह ने बताया कि वह हर साल धान की रोपाई करता है।
पिछले दो सप्ताह हुई बारिश में वह धान की रोपाई के लिए पौध तैयार कर रहा था। इसलिए धान की रोपाई नहीं कर पाया। अब उसकी धान की पौध तैयार है तो तेज बारिश न होने से वह धान की रोपाई नहीं कर पा रहा है। वहीं दूसरी तरफ बिजली ट्यूबवैल से सिंचाई करे तो बिजली के अघोषित कटों ने परेशान कर दिया है।
अब वह तेज बारिश का इंतजार कर रहा है। ताकि धान की रोपाई कर सके। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष ने बताया कि इस सप्ताह आसमान में बादल छाए रहेंगे। मंगलवार, बुधवार को बारिश की संभावना है। जिससे तापमान में कमी आ सकती है।