पानीपत। शहर में गाय-भैंस पालन कर डेयरी व्यवसाय चलाने वाले लोगों ने अपनी समस्याओं के एकजुट समाधान के लिए सोमवार को यूनियन का गठन किया। वार्ड-11 स्थित हरिओम धर्मशाला में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए गुलशन भंडारी को यूनियन का प्रधान और दिनेश पुजारा को उप-प्रधान चुना गया।
नवनिर्वाचित प्रधान गुलशन भंडारी ने बताया कि डेयरी संचालकों को आ रही विभिन्न दिक्कतों के समाधान और प्रशासनिक स्तर पर बातचीत के लिए इस यूनियन का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में डेयरियों के संचालन में स्थान की बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए हाल ही में डेयरी संचालकों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से भी मिला था और डेयरियों के लिए अलग से उपयुक्त जगह उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। नई यूनियन अब प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर डेयरी संचालकों की समस्याओं का स्थायी समाधान कराएगी।