माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बिजली निगम की छाजपुर सब डिवीजन के एसडीओ एमआई खान को निलंबित कर दिया गया है। यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक ने बुधवार को पंचकूला में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद इसके आदेश जारी किए। हालांकि निलंबन आदेशों में कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं।
पंचकूला में मंगलवार को बिजली निगम की मासिक बैठक हुई। इसमें प्रबंध निदेशक ने सभी जिलों की अलग-अलग समीक्षा की। बैठक में एसई धर्म सुहाग ने जिले की रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान एक मामले में छाजपुर सब डिवीजन के एसडीओ एमआई खान के निलंबन के आदेश जारी किए गए। एसई धर्म सुहाग ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों 12 जेई और लाइनमैन चार्जशीट किए गए थे : बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बिजली मंत्री के आदेश पर हाल ही में तीन सदस्यीय कमेटी ने 5,571 उपभोक्ताओं की जांच की थी। जांच में 45 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए, जबकि तीन उपभोक्ताओं ने पड़ोसी से अवैध रूप से सप्लाई ले रखी थी। 126 उपभोक्ताओं के यहां दूसरा कनेक्शन मिला। समालखा डिवीजन के 1, सब अर्बन के 85 और सिटी डिवीजन के 40 उपभोक्ता शामिल हैं। 12 जेई और लाइनमैन को चार्जशीट किया गया था। 43,323 डिफाल्टर लोगों पर 128 करोड़ रुपये बिल का बकाया है।