समालखा। नगर निगम से रिफाइंड के टीन सस्ते में खरीदने का झांसा देकर व्यक्ति ने मिठाई के एक दुकानदार को 50 हजार रुपये की चपत लगा दी। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संदीप वासी पंचवटी काॅलोनी समालखा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी रेलवे रोड पर मुरली स्वीट्स के नाम से मिठाई की दुकान है। उसके पास 14 नवंबर की शाम को एक फोन आया। उक्त व्यक्ति ने स्वयं को नगर निगम से गुप्ता बताया। उसने कहा कि मेरे पास 100 टीन रिफाइंड है। जो उसे 16 सौ रुपये में दे देगा। इसको लेकर उसने उसे नगरपालिका समालखा में बुलाया। वह करीब पांच बजे नगरपालिका समालखा पहुंचा तो वहां प्रमोद नाम का आदमी मिला। उक्त आरोपी ने कहा कि टीन खरीदने के लिए रसीद कटेगी। उसने उससे 50 हजार रुपये ले लिए और नगरपालिका के अंदर चला गया। वह काफी देर के बाद भी वापस नहीं आया तो उसने उसकी अंदर तलाश की। वह वहां नहीं मिला। जिससे उसे अपने ठगे जाने का पता चला।