पानीपत। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने मंगलवार शाम समालखा बस अड्डे के पास से एक आरोपी अनिल उर्फ नीलू निवासी गांव सिंघाना जिला जींद को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 500 ग्राम चरस बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तराखंड के उत्तरकाशी से एक किग्रा चरस खरीदकर लाया था। जिसमें से 500 ग्राम चरस बेच दी थी। टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान सप्लायर के ठिकानों का पता कर गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि जींद के सिंघाना गांव निवासी अनिल उर्फ नीलू मादक पदार्थ बेचने के लिए पानीपत आया है और वह समालखा बस स्टैंड पर ग्राहक की तलाश में है। सूचना पर तुरंत ही पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक पॉलिथीन में रखी 500 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी अनिल के खिलाफ थाना समालखा में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक माह पहले पहले उत्तरकाशी से एक किग्रा चरस कम खरीदकर लाया था। जिसमें से 500 ग्राम चरस उसने बेच दी थी। बाकी चरस बचने के लिए वह समालखा में आया था। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।