पानीपत। मौसम में शुक्रवार को सुबह से शाम तक बड़ा बदलाव देखने को मिला। दिनभर जहां धूप खिली रही, वहीं शाम के समय घना कोहरा छा गया। शाम के समय दृश्यता घटकर जीरो रह गई। ऐसे में वाहन चालकों काे परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं मौसम विशेषज्ञों ने अगले सप्ताह हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इसके साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। बादल छाने और हवा चलने से अगले अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान अगले कई दिन घटने के साथ बढ़ेगा।
शुक्रवार को सुबह ही हल्की से मध्यम धुंध छाई रही। शहरी क्षेत्र में धुंध का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा, जबकि ग्रामीण अंचल में धुंध अधिक रही। मौसम सुबह ही साफ हो गया। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे दिन का अधिकतम तापमान स्थिर बना रहा। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शीतलहर की रफ्तार छह किलोमीटर प्रति घंटा रही। मध्यम धूप होने से लोगों ने राहत की सांस ली। लोग धूप का आनंद पार्क और घरों की छतों पर बैठकर लेते नजर आए।
शाम के समय घना कोहरा पड़ने लगा। एकाएक मौसम पलटने के बाद लोग हैरान हो गए। मौसम विशेषज्ञ का अनुमान है कि फरवरी का महीना शुरू होते ही मौसम एक बार फिर से करवट ले सकता है। फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश हो सकती है। जिससे ठंड बढ़ेगी।
किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत ः कृषि विज्ञान केंद्र उझा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजबीर आर्य ने बताया कि गेहूं की फसल में सिंचाई का समय है। कुछ किसान दूसरी तो कुछ तीसरी बार सिंचाई करनेकी तैयारी में हैं। ऐसे में किसान मौसम के अनुकूल ही सिंचाई शुरू करें। बारिश के समय गेहूं की सिंचाई करने से विपरित प्रभाव पड़ सकता है।