इसराना। गीता यूनिवर्सिटी नौल्था में पांच दिवसीय नार्थ जॉन इंटर यूनिवर्सिटी वूमन वॉलीबॉल चैंपियनशिप में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली चैंपियन बनी है। एलपीयू द्वितीय, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तृतीय और अमृतसर यूनिवर्सिटी चौथे स्थान पर रही।
शुक्रवार को चैंपियनशिप के समापन पर गीता यूनिवर्सिटी के चांसलर एसपी बंसल व जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा ने विजेता टीम के खिलाडियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लड़कियां आज किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। वे खेलों में शानदार प्रदर्शन कर खुद को साबित कर रही हैं। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लड़कियों की प्रस्तुति सराहनीय है। उन्होंने वॉलीबाॅल चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन की सराहना की। प्रो. चांसलर अंकुश बंसल, वीसी डाॅ. गुलशन चौहान व धीरेन बंसल ने विजेता टीमों को शुभकामनाएं दी।
खिलाड़ियों ने जीत को लेकर बहाया पसीना
नार्थ जॉन इंटर यूनिवर्सिटी वुमन वॉलीबाल चैंपियनशिप के निदेशक राजेश टूर्न ने बताया कि पांच दिवसीय नार्थ जॉन वूमन वॉलीबाॅल चैंपियनशिप में नार्थ जॉन की 52 यूनिवर्सिटी की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय महिला वॉलीबाॅल चैंपियन महिला खिलाडि़यों ने अपनी टीमों के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर को 3-0 से हराकर प्रथम प्राप्त किया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र को 3-1 से हराकर द्वितीय स्थान व कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय कोच डा. वीर सिंह, राजेश टूर्न, नरेश कुमार, राजेश खोखर, डाॅ. संतोष दहिया व इम्तियाज उपस्थित रहे।