हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने पानीपत ग्रामीण हलके की परिवर्तन रैली में हलके की बाहरी कॉलोनियों को पहली कलम में पक्का करने और पानीपत को टेक्सटाइल हब बनाने का वादा किया। साथ ही बिश्नोई ने कांग्रेस व इनेलो पर भी हमला बोलकर लोगों को इनके नेताओं से बचने की सलाह दी। बिश्नोई रविवार को पानीपत ग्रामीण हलके की बाबरपुर मंडी में हुई परिवर्तन रैली में बोल रहे थे।
बिश्नोई ने कहा कि अब उनकी ईमानदारी से किए काम का फल लेने का समय आ गया है। हलके व प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में परिवर्तन के मौके से चूक गई तो फिर सुशासन नहीं आ सकेगा। वे सरकार में आने के बाद बाहरी कॉलोनियों को पहली कलम से पक्का कर देंगे और पानीपत को औद्योगिक व टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि हजकां की सरकार बनने पर समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास करवाया जाएगा। प्रदेश में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी व महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा व ओमप्रकाश चौटाला के राज में लोग पिछड़ गए हैं और शोषण के शिकार हुए हैं।
बिश्नोई ने कहा कि हुड्डा प्रदेश को नंबर वन कह रहे हैं, लेकिन उनके कहने से प्रदेश नंबर वन नहीं बन जाता। प्रदेश के 43 स्कूलों का रिजल्ट जीरो है। वहीं बिजली-पानी व रोजगार के नाम पर भी क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। हुड्डा का विकास रोहतक तक रहा है और बाकी जिलों में वादे ही किए हैं। इनेलो के राज में तो लोग घरों में भी सुरक्षित नहीं थे।
बदलाव का खौफ बनाकर रखें : बिश्नोई
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि चौटाला परिवार इस बार ओमप्रकाश चौटाला को सीएम बनने का दावा कर रहा है और हुड्डा हैट्रिक मारने की बात कह रहे हैं लेकिन कोई भी जनता के बीच में नहीं जाता। वे जनता के बीच में आए हैं। जनता नेताओं के बहकावे में न आएं, बल्कि नेताओं में बदलाव का खौफ बनाकर रखें। इससे नेता विकास कराने को मजबूर होंगे। इससे पहले कुलदीप के पहुंचने पर परिवर्तन रैली के सभी नौ आयोजक प्रदेश सचिव संजय कादियान, विष्णु गोस्वामी, धर्मपाल शर्मा, दिव्या तायल, तुलसीदार खन्ना उर्फ मंगत सरोज मलिक, प्रेमवती कश्यप, वीरेंद्र कौशिक व मुकेश जागलान ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंच संचालन पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री जय सिंह राणा, पूर्व सांसद हरि सिंह नलवा, पूर्व मंत्री सचदेव त्यागी, महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष संध्या बजाज, जिलाध्यक्ष डीएन त्यागी, राकेश सरोहा, कर्ण सिंह, जगतार सिंह, सूरजभान डाहर, शांति डाहर, डॉ. सोहन लाल, मोना शर्मा मौजूद रहे।
एक कार्यकर्ता धक्का खाकर मंच से गिरा
कुलदीप के मंच पर आते ही समर्थकों में मिलने की होड़ लग गई। लोग सुरक्षा घेरे को तोड़कर आगे जाने लगे। इसी बीच वालंटियर व ऊपर चढ़ने वाले लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान एक कार्यकर्ता धक्का खाकर मंच से नीचे गिर गया। बाद में कुछ लोगों ने उसको संभाला।