सर्व कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में भूख हड़ताल रखकर सुनवाई न होने पर अगस्त में गिरफ्तारियां देने की चेतावनी दी है। सर्व कर्मचारी संघ ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर भूख हड़ताल की और लघु सचिवालय से जिला कार्यालय तक प्रदर्शन किया। हड़ताली कर्मियों का नेतृत्व जिला प्रधान तेजपाल ने किया। जिले के वरिष्ठ उपप्रधान भीम सिंह चौहान व जिला कमेटी सदस्य डा. सुरेंद्र मलिक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की नीति से सभी कर्मियों को फायदा नहीं मिलेगा।
सरकार की अनदेखी से कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य विभाग से लेकर शिक्षा, बिजली, राजस्व, वन, पशुपालन, पर्यटन रोडवेज जैसे विभागों का निजीकरण कर रही है। जिसके चलते बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश में हर साल दो लाख बच्चे डिप्लोमा व डिग्री लेकर पास हो रहे हैं, लेकिन उनको रोजगार नहीं मिल पा रहा। युवाओं को रोजगार के सपने दिखाकर लूटा जा रहा है।
एसकेएस के जिला प्रधान तेजपाल व ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर कई बार वार्ता की, लेकिन उनको हर बार तोड़ दिया गया। सरकार अब यूनियन के गठबंधन को भी तोड़ने के प्रयास में है। प्रदेश सरकार रोडवेज कर्मियों का एरियर नहीं देना चाहती और 3519 रूटों को निजी हाथों में देना चाहती है।
सरकार प्राइवेट लोगों को सरकारी विभागों में शामिल कर जनता को परेशान करने का काम कर रही है। सरकार यूनियन की 24 घंटे की भूख हड़ताल के बाद भी कर्मचारियों के हित में कोई फैसला नहीं लेती है तो वे अगस्त में जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। वे पांच से 13 अगस्त तक सभी जिलों में गिरफ्तारियां देंगे। इस मौके पर समेराम, बलदेव बागड़ी, सुलतान देशवाल, भूपेंद्र, ईश्वर शर्मा, मंगल सिंह, राजबीर गिरी व आजाद पूनिया मौजूद रहे।