पानीपत। कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। इसी बीच सरकार ने 15-18 वर्ष के विद्यार्थियों के लिए टीकाकरण कार्यक्रम शुरू कर दिया है। वहीं, हाल ही में सीबीएसई बोर्ड ने एक नोटिस जारी कर सभी 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से टीकाकरण कराने को कहा है।
सीबीएसई ने सलाह देते हुए कहा कि कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन खतरनाक है इसलिए सभी विद्यार्थी कोरोना से बचाव के लिए टीका जरूर लगवाएं। सीबीएसई बोर्ड ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर बच्चों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के अभियान से जुड़ने का नोटिस रिलीज किया है।
जनवरी में शुरू हुआ अभियान
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने 27 दिसंबर 2021 को बच्चों के कोविड-19 टीकाकरण से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत 3 जनवरी 2022 से 15-18 वर्ष के बीच के बच्चों का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है।
सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किए गए नोटिस में माता-पिता, स्कूलों, कर्मचारियों और अन्य लोगों से बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। कोविड-19 टीकाकरण लेने से 15-18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों की सुरक्षा होगी। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के प्रमुखों को सलाह दी गई है कि वे छात्रों के माता-पिता, शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करें कि वे अपने 15-18 आयु वर्ग के बच्चों को सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जल्द से जल्द टीका लगवाएं।
- विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।