-पानीपत के विकास नगर गली नंबर तीन में जितेंद्र दहिया के आवास पर दी दबिश, खाते किए सीज
पानीपत। ऑनलाइन ट्रेडिंग, ज्यादा ब्याज देने का लालच, शेयर मार्केटिंग में पैसे लगवाने जैसे लालच देकर करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने वाले एक युवक के घर पर सीबीआई ने दबिश दी। ये दबिश वार्ड 16 के विकास नगर स्थित गली नंबर तीन में स्थित जितेंद्र दहिया के मकान पर की गई।
दबिश के बाद ये युवक परिवार समेत फरार है। दिल्ली मुख्यालय से सीबीआई की टीम स्थानीय पुलिस को लेकर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे से उसके घर की तलाशी शुरू की। सीबीआई की यह कार्रवाई देर रात बारह बजे तक चली। इस दौरान टीम कई बैग लेकर रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि जितेंद्र पिछले डेढ़ साल से कंपनी बनाकर लोगों के पैसे शेयर मार्केट में लगवाने का काम करता था।
वह लोगों को ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर उनसे ऑनलाइन बैंक खातों के जरिए पैसे लेता था। उसके सेविंग और कंपनी के नाम के खातों में करोड़ों रुपये हैं।
सीबीआई ने उसके सभी खातों को सील कर दिया है। जितेंद्र पर कई प्रकार के आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। पिछले दिनों ही वह किसी मामले में जेल से बाहर आया था। सीबीआई टीम के अधिकारी अखिलेश पांडेय सात सदस्यों की टीम के साथ यहां पहुंचे। इनमें एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं। टीम ने युवक के संभावित ठिकाने पर दबिश दी लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा।
बताया जा रहा है कि युवक ने पिछले डेढ़ साल में अचानक ही प्रदेश भर में अलग अलग जगहों पर करोड़ों रुपये की संपत्ति खरीदी है। ये संपत्ति उसने परिवार के सदस्यों के साथ अपने रिश्तेदारों के नाम भी करवा रखी है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम ने विकास नगर में पहुंचकर गली नंबर तीन को पूरी तरह से घेर लिया। इसकी सूचना युवक और उसके परिजनों को लगी तो वे छत से बैग लेकर फरार हो गए। अब सीबीआई उनके घर मिले दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। हालांकि सीबीआई की टीम का कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। अब सीबीआई आसपास के लोगों से युवक के ठिकाने, उसके रिश्तेदार, उसके कामकाज की जानकारी जुटा रही है। सीबीआई ने दबिश के दौरान घर को बंद कर रखा था। सीबीआई की यह कार्रवाई देर रात बारह बजे तक चली। इस दौरान टीम कई बैग लेकर रवाना हो गई।