अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। कुरुक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि फरवरी में जाति विशेष के लोगों ने प्रदेश में आतंक मचाया था। उसका नतीजा प्रदेश में होने वाले चुनावों में मिल रहा है। पानीपत जिला बार एसोसिएशन इसका एक उदाहरण है। उन्होंने जाटों का नाम लिए बिना कहा कि ताकतवर लोग हमेशा गुर्राते हैं और उनकी यह आदत कभी नहीं बदलती। उन्होंने बातों ही बातों में 2019 में सबके सपने साकार होने का दावा किया।
कुरुक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी शनिवार को जिला बार एसोसिएशन के प्रधान निर्मल सिंह के आवास पर मीडिया से रूबरू हुए। वे इसके अलावा बरसत रोड स्थित दर्शन सिंह हंस आदि के आवास पर भी पहुंचे। सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि ताकतवर व्यक्ति हमेशा ही दूसरे के हकों पर हमला बोलता है। वे कमजोर वर्ग को ऊपर उठाने के लिए आगे आए हैं। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने एक जाति, वर्ग और क्षेत्र के दायरे में रहकर काम किया है।
जाटों के 29 जनवरी को अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी के सवाल को सांसद सैनी टाल गए। सैनी ने कहा कि प्रकाश आयोग की कमेटी की रिपोर्ट में एक विशेष वर्ग के अधिकारियों तक को स्पष्ट कर दिया है। सरकार की मजबूरी रही है कि रिपोर्ट पर पूरी तरह से कार्रवाई नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि मनरेगा में किसान और मजदूर को जोड़ देना चाहिए। इससे कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। पुलिस को सबसे ज्यादा तनख्वाह मिलनी चाहिए। वे हर स्थिति और समय में लोगों के बीच में रहते हैं। उनको इसका मौका मिला तो वे सबसे पहले पुलिस की स्थिति ही सुधारेंगे और सबके सहयोग से 2019 में बदलाव भी आएगा। उन्होंने नोटबंदी के सवाल पर कहा कि सरकार के फैसले के नतीजे जल्द ही सामने होंगे।
कुछ बैंक अधिकारियों ने काले धन को सफेद किया है। इनमें से कुछ फंस भी चुके हैं और बाकी भी जल्द ही सामने आ जाएंगे। सैनी ने कहा कि जब तक हम दो हमारे दो के सिद्धांत को नहीं अपनाएंगे, तब तक बेरोजगारी नहीं मिट सकती। उन्होंने एक परिवार एक नौकरी की वकालत करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक परिवार में से कम से कम एक सरकारी नौकरी दें तो बेरोजगारी से निजात मिल सकती है। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान निर्मल सिंह, डॉ. रफल सिंह कश्यप, जगदीश डोलिया, जोगिंद्र सिंह, अर्जन सिंह, शमशेर वाल्मीकि, जसविंद्र सिंह, सुभाष मनोचा, डिंपी, अश्वनी शर्मा, प्रिंस, जितेंद्र हैप्पी, काला, यतिन, अमन कपूर, रामस्वरूप, रेमलदास आदि मौजूद रहे।