समालखा। गांव महावटी में शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे किसान सतबीर की छत की मोमटी पर आकाशीय बिजली गिरने से दीवार में दरार आ गई।
इससे कुछ देर के लिए धुएं का गुबार छा गया। इसके साथ ही सतबीर और आसपास के दो अन्य घरों में बिजली के उपकरण खराब हो गए। आकाशीय बिजली गिरने से सतबीर का पूरा परिवार सहम गया। किसान सतबीर ने बताया कि उसके परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और उसकी मां है। वह शनिवार सुबह परिवार सहित सो रहा था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज धमाके से सभी की नींद खुल गई। छत पर ईंट गिरने की आवाज आ रही थी।
वह हिम्मत कर छत पर गया तो वहां धुएं का गुबार छाया हुआ था। सीढ़ियों में टूटी ईंट बिखरी हुई थीं। उसने छत पर जाकर देखा तो बिजली गिरने से मोमटी की दीवार टूट गई थी। सतबीर ने बताया कि बिजली गिरने से कई जगह से बिजली की फिटिंग उखड़ गई। घर में टीवी, फ्रिज, मोबाइल चार्जर आदि खराब हो गए। घर की खिड़कियों के शीशे भी धमाके से टूट गए। आकाशीय बिजली गिरने के कारण सतबीर के साथ ही आसपास के अन्य घरों में भी नुकसान हुआ है। उन घरों में बिजली के उपकरण जल गए। शमशेर के घर में बैट्री और विष्णु के यहां इनवर्टर और दूध बिलौने की मशीन खराब हो गई।