पानीपत। काबड़ी रोड पर मोटरसाइकिल सवार पांच बदमाशों ने काबड़ी पीएचसी के सिक्योरिटी गार्ड से हथियार के बल पर 10 हजार रुपये नकदी, बाइक और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जाटल गांव निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह पीएचसी काबड़ी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत है। वह रात के समय नौकरी करता है। शनिवार रात करीब सवा सात बजे वह ड्यूटी जा रहा था। काबड़ी चौक पर सामने से गलत दिशा में मोटरसाइकिल सवार पांच युवक आए और उसे रुकवाया। उसकी छाती पर हथियार लगाकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने कहा कि जो कुछ है, उसे निकाल दो। उसने जेब से फोन और 10 हजार रुपये निकालकर दे दिए। आरोपियों ने फोन सिमकार्ड व चिप निकालकर उसे वापस कर दिया। उसके बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। उसने शोर मचाया, लेकिन जब तक भीड़ इकट्ठा हुई, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- वीरेंद्र कुमार, प्रभारी, पुराना औद्योगिक थाना